पुराने वादों पर घिर रहे दिग्‍गज प्रत्‍याशी, हरसिमरत व राजा वडिंग की सभाओं में हंगामा

 पंजाब में लोकसभा चुनाव का गर्माने के साथ ही मतदाता मुखर होने लगे हैं। लोग प्रत्‍याशियों खासकर दिग्‍गज नेताओं से पुराने वादों का हिसाब किताब मांग रहे हैं और इस पर उनको घेर रहे हैं। ऐसा ही नजारा केंद्रीय मंत्री व बठिंडा से शिअद उम्‍मीदवार हरसिमरत कौर बादल और कांग्रेस प्रत्‍याशी अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की सभाओं में देखने को मिला। लोगों ने पुराने वादे पूरा न होने को लेकर सवाल उठाया और हंगामा किया। इसके साथ ही लोग बेअदबी का मुद्दा भी उठा रहे हैं।

मौड़ और मानसा में दोनों प्रत्याशियों की जनसभाओं में युवाओं को रोका

यहां चुनाव अभियान के दौरान कांग्रेसियों को विधानसभा चुनाव में किया गया रोजगार देने का वादा और अकालियों को बेअदबी का मुद्दा भारी पड़ने लगा है। कांग्रेस प्रत्याशी अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग को गांव मौड़ में युवाओं ने घेर लिया। शिअद प्रत्याशी हरसिमरत कौर बादल की जनसभा में युवाओं ने बेअदबी समेत चार अन्य मुद्दों को लेकर सवाल खड़े किए। युवाओं को अकाली वर्करों ने हरसिमरत के पास नहीं पहुंचने दिया, लेकिन उन्होंने कार्यक्रम में जमकर गुबार निकाला।

चुनाव अभियान के दौरान अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग।

दोनों ही कार्यक्रमों की वीडियो भी देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। गांव मौड़ में कांग्रेस प्रत्याशी राजा वडि़ंग के कार्यक्रम में युवाओं ने मंच पर माइक अपने हाथ में लेते हुए कहा कि उन्हें कोई नौकरी नहीं मिली न ही कोई बेरोजगारी भत्ता मिला। कोई काम नहीं हो रहा है, इसलिए वे कांग्रेस का विरोध करते हैं।

उधर, मानसा के गांव धर्मपुरा में जब हरसिमरत बादल अपना भाषण खत्म करने की ओर बढ़ रही थीं तो इस दौरान दो-तीन नौजवान उनसे बात करने के लिए उनकी तरफ बढ़ने लगे। इस पर अकाली वर्करों ने आगे खड़े होकर उन्हें रोक लिया। अकाली वर्कर हरसिमरत से पहले युवाओं को मोबाइल पर वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करने के लिए कहते रहे, लेकिन वे नहीं माने। लिहाजा उन्हें मिलने नहीं दिया गया।

हरसिमरत कौर से बात करते युवा।

इस पर युवाओं ने कहा कि कहा कि उन्हें पांच सवाल करने थे। इसमें धर्मपुरा में शौचालय व मकानों के निर्माण,  स्वामीनाथन रिपोर्ट, मुख्यमंत्री के दस साल पहले एक रुपया वेतन लेने व गुरु ग्रंथ साहिब की गलियों में हुई बेअदबी के सवाल शामिल थे। उन्होंने कहा कि क्या भारतीय संविधान में लोग अपने सांसद से सवाल नहीं कर सकते।

Leave a Reply