पुलिस ने 13 साल की बच्ची को शादी से बचाया, मां और भाई को हिरासत में लिया
मुंबई. महानगर से सटे ठाणे जिले में एक नाबालिग लड़की के विवाह को पुलिस ने रोक दिया। 13 वर्षीय इस लड़की की शादी बुलढाणा के रहने वाले 24 साल के युवक के साथ की जा रही थी। नारपोली पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर मालोजी शिंदे ने बताया कि भिवंडी शहर के कलवार इलाके में पिछले शुक्रवार को शाम छह बजे यह विवाह होना था।
उन्होंने बताया कि बुलढाणा के तहसीलदार (राजस्व अधिकारी) को शुक्रवार की सुबह सूचना मिली कि लड़की नाबालिग है, जिसके पिता की कुछ साल पहले मृत्यु हो गई थी।
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
तहसीलदार ने तुरंत इसकी सूचना बुलढाणा पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस शाम के चार बजे विवाह स्थल पर पहुंची और शादी होने से पहले उसे रोक दिया। उन्होंने बताया कि लड़की को बचा लिया गया और उसकी मां और उसके भाई को हिरासत में ले लिया गया।