पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले में बुधवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिये गये, जबकि एक अपराधी मौके का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को आज एक बड़ी सफलता उस वक्त मिली जब नगर थाना क्षेत्र के कॉलेज मोड़ के समीप चार अपराधकर्मी शहर में प्रवेश करने की तैयारी में थे। गुप्त सूचना पर एसपी शैलेन्द्र बर्णवाल पूरी टीम के साथ सादे लिबास में ऑटो को पकड़ने के प्रयास में थे और वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इस दौरान पुलिस द्वारा हाथ दिए जाने पर अपराधियों द्वारा ऑटो नहीं रोका गया और भागने के क्रम में एक राउंड फायरिंग भी की गयी। जवाब में एसपी ने खुद भी फायरिंग किया। तब जाकर ऑटो रुका। लेकिन चार में से एक अपराधी भागने में कामयाब रहा। बाकी तीनों को पकड़ा गया। जिनके पास से चार देसी कट्टा बरामद किया गया। पकड़े गए अपराधी बिहार के सिमुतल्ला और झाझा के रहने वाले थे। सभी से पूछताछ की जा रही है।
