पूर्व सीएम अजीत जोगी को होश में लाने सुनाए जा रहे हैं उनके फेवरेट गाने, हालत नाजुक
रायपुर. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) राज्य के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी (Ajit Jogi) की हालत लगातार चौथे दिन मंगलवार को भी गंभीर बनी हुई है. रायपुर के श्री नारायणा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक उनके ब्रेन की एक्टिविटी न के बराबर है और वे कोमा में हैं. ऐसे में उनको होश में लाने के लिए उनके फेवरेट गाने सुनाए जा रहे हैं. हालांकि मंगलवार की सुबह साढ़े 10 बजे तक उन्होंने कोई रिसपॉंस नहीं किया था. चिकित्सकों द्वारा उन्हें होश में लाने की पूरी कोशिश की जा रही है, लेकिन हालत अभी भी चिंताजन बनी हुई है.
श्री नारायणा अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. सुनील खेमका ने न्यूज 18 को बताया कि 74 वर्षीय अजीत जोगी को सोमवार की दोपहर से सॉंग थैरिपी दी जा रही है. इसके तहत ट्रांसजिस्टर कारवां के माध्यम से 70 के दशक के उनके फेवरेट गाने सुनाए जा रहे हैं. करीब 5 हजार गानों की श्रृंखला है. धीमी आवाज में उन्हें सॉंग थैरिपी दी जा रही है. उनके ब्रेन की एक्टिविटी के लिए ऐसा किया जा रहा है. डॉक्टर पूरी कोशिश कर रहे हैं कि उनकी हालत में जल्द सुधार हो. फिलहाल स्थिति नाजुक बनी हुई है.
वेंटिलेटर से दी जा रही है सांस
डॉ. खेमका के मुताबिक 74 वर्षीय अजीत जोगी की हालत मंगलवार को भी चिंताजनक ही बनी हुई है. उनके हार्ट, ब्लड प्रेशर और यूरिन का आउटपुट नियंत्रित कर लिया गया है, लेकिन न्यूरोलॉजिकल गतिविधियां न के बराबर हैं. यानी की मस्तिष्क में न के बराबर गतिविधि हो रही है. उन्हें वेंटिलेटर से ही सांस दी जा री है. मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत चिकित्सकों की विशेष टीम उनपर नजर बनाए हुए है. अगले 24 से 48 घंटे उनके लिए बेहद अहम हैं. हालांकि अभी तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से अजीत जोगी की तबीयत को लेकर 5वां मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है. गौरतलब है कि बीते 9 मई को पूर्व सीएम अजीत जोगी को कार्डियक अरेस्ट आया था. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.
