पूर्व सीएम रमन सिंह समेत प्रदेश में 2617 संक्रमित, 19 मौतें, मंत्री रुद्र गुरु के बंगले में 15 संक्रमित

प्रदेश में शनिवार को रायपुर में 780 समेत कोरोना के 2617 नए मरीज मिले हैं। रायपुर में 9 समेत 19 मरीजों की मौत भी हुई है। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। पीएचई मंत्री रुद्र गुरु के बंगले में 15 संक्रमित मिले हैं। 1 हफ्ते तक बंगला बंद रहेगा। डीएमई ऑफिस के एडिशनल डायरेक्टर व नेहरू मेडिकल कॉलेज के रिटायर्ड डीन भी पॉजिटिव आए हैं। नई मौतों को मिलाकर प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 665 और रायपुर में 310 हो गई है। जबकि पॉजिटिव केस की संख्या 84236 है। एक्टिव केस 37489 है। प्रदेश में अब तक 46081 मरीज ठीक हो चुके हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अगर संक्रमण ना रोका गया तो नए केस बढ़ते जाएंगे। प्रदेश में अब सैंपल कलेक्शन व जांच में तेजी आई है। शुक्रवार को 32186 सैंपल की रिपोर्ट आई जो कि अब तक का एक दिन का रिकॉर्ड है। उस दिन जांच कराने वाला हर आठवां व्यक्ति पॉजिटिव मिला। जबकि गुरुवार को 25921 सैंपल की रिपोर्ट आई है।

इस दिन जांच में हर सातवां व्यक्ति कोरोना से संक्रमित मिला। शनिवार को अब तक 13,685 से ज्यादा की रिपोर्ट आ चुकी है। कोरोना सेल से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि एंटीजन किट से जांच के कारण ज्यादा लोगों की जांच हो रही है। ज्यादातर जिला अस्पतालों व सीएचसी, पीएचसी में में एंटीजन किट से संदिग्धों की जांच की जा रही है। दरअसल इस किट से रिपोर्ट आने में केवल आधा घंटा लगता है। रायपुर के जिला अस्पताल पंडरी, टीबी अस्पताल कालीबाड़ी, खो-खो पारा में भी एंटीजन किट से जांच हो रही है, लेकिन भीड़ के कारण रिपोर्ट आने में 1 से 2 दिन लग रहे हैं।

सामाजिक संगठनों के सहयोग से शुरू होंगे कोविड सेंटर
बिना लक्षण और हल्के लक्षणों वाले मरीजों के स्थानीय स्तर पर देखभाल के लिए कोविड देखभाल केंद्र शुरू किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग जिला प्रशासन के माध्यम से इन केंद्रों के संचालन में स्वयं सेवी संस्थाओं, गैर-सरकारी और सामाजिक संगठनों की सहायता लेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना नियंत्रण के उपायों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए इसमें ऐसे संगठनों की मदद लेने का सुझाव दिया था। एसीएस हेल्थ रेणु पिल्ले ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र शुरू करने सभी कलेक्टरों पत्र भेजा है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि प्रदेश में पिछलों दिनों में संक्रमितों की संख्या में वृद्धि हुई है। संक्रमित पाए गए ज्यादातर लोग लक्षणरहित हैं। इनके लिए सामुदायिक कोविड देखभाल केन्द्र शुरू किया जाना उपयोगी होगा। कोविड देखभाल केन्द्रों को कोविड अस्पतालों या कोविड केयर सेन्टर्स के नजदीक स्थापित किया जाएगा ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल सुविधा उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply