पेयजल संकट के विरोध में जोधपुर के एक मतदान केन्द्र पर महिलाओं का विरोध 

जोधपुर।  पश्चिम राजस्थान में लोकसभा चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच कुछ स्थानों पर पेयजल संकट को लेकर लोग मतदान का बहिष्कार करने पर अड़ गए। जोधपुर और जैसलमेर में तीन स्थान पर लोगों ने प्रदर्शन किया। जोधपुर के एक मतदान केन्द्र पर बड़ी संख्या में महिलाएं प्रदर्शन करने पहुंच गई। बाद में प्रशासन ने हस्तक्षेप कर लोगों से समझाइश की। इस पर लोग मतदान को तैयार हुए। जोधपुर शहर में महामंदिर क्षेत्र की जैन स्कूल स्थित मतदान केन्द्र पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मतदान कर रवाना होने के पश्चात बड़ी संख्या में वहां पहुंची महिलाओं ने हंगामा मचा दिया। इन महिलाओं का कहना था कि उनके क्षेत्र में दो माह से पानी नहीं आ रहा है। महिलाओं का कहना है कि जलदाय विभाग में कई बार शिकायत दर्ज करवा दी, लेकिन वहां से आश्वासन दे टरका दिया जाता है। ऐसे में आज वे मतदान केन्द्र पर विरोध करने पहुंची है। इसके बाद बाहर आए मतदान केन्द्र के अधिकारी ने उन्हें समझाया कि यहां पर हंगामा करने से कुछ नहीं होगा, लेकिन महिलाएं जोर-जोर से पानी की मांग करती रही। बाद में सभी को समझाकर मतदान के लिए प्रेरित किया गया।  इसी तरह जैसलमेर के सोडा गांव में ग्रामीणों ने मतदान नहीं करने का फैसला किया। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके क्षेत्र में लम्बे अरसे से पेयजल संकट गहराया हुआ है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बाद में सूचना मिलने पर जलदाय विभाग के अधिकारी गांव में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को जलापूर्ति में सुधार का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब साढ़े दस बजे गांव में मतदान शुरू हो पाया।

Leave a Reply