पोता और बहु ने 90 साल की बुजुर्ग को पीटकर घर से निकाला, मदद के लिये आगे आया महिला आयोग

हिसार । हिसार में भाटला गांव में पोते व बहु ने एक 90 साल की बुजुर्ग महिला को पीटकर घर से बाहर निकाल दिया। ऐसे में राज्य महिला आयोग महिला की मदद के लिये आगे आया है। आयोग द्वारा जिला पुलिस हांसी से मामले में रिपोर्ट तलब की है। हालांकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसी दिन आरोपित महिला व उसके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया थ। इस मामले में बुजुर्ग महिला के बड़े बेटे ने कहा कि उसकी भाभी ने उनके घर के हिस्से पर भी कब्जा कर रखा है और उनके पास रहने के लिए कोई ठिकाना नहीं है। दरअसल, पिछले हफ्ते में एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें 90 वर्ष की बुजुर्ग महिला रजनी गली में बैठी बिलख रही थी। बुजुर्ग ने आरोप लगाया था कि उसकी पुत्रवधू व पोते ने उसने पीटकर घर से निकाल दिया है। एसपी ने मामला सामने आते ही तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए थे।
इस मामले में अब राज्य महिला आयोग द्वारा संज्ञान लिया है और एसपी हांसी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। वर्तमान में बुजुर्ग महिला अपने बड़े बेटे के पास गांव में ही रहती है। बुजुर्ग के बेटे राजबीर ने मामले में न्याय की गुहार लगाई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, 90 वर्षीय रजनी देवी के दो बेटे हैं जिनमें से एक का देहांत हो चुका है और एक दिल्ली में रहता है जो रेलवे से रिटायर्ड है। बुजुर्ग महिला गांव में ही अपनी बड़ी बहू के पास रहती है। आरोप है कि बुजुर्ग महिला के साथ कई बार मारपीट भी की जाती थी। मंगलवार को लॉकडाउन के बीच ही बुजुर्ग महिला को बुरी तरह पीटकर उसकी चारपाई व कपड़ों से भरे बैग के साथ घर से निकाल दिया गया। फिलहाल मामले की जांच हो रही है।
