प्रसारण अधिकार के लिए सलाहकार कंपनी तलाश रहा पीसीबी 

कराची । आर्थिक तंगी से परेशान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अब मीडिया प्रसारण अधिकारों के जरिये अच्छी रकम हासिल करना चाहता है। पीसीबी ने इसके लिए सलाहकार फर्म की सेवाएं लेना तय किया है जिसकी तलाश उसने शुरु कर दी है। पीसीबी अगले चार साल के चक्र के लिये मीडिया प्रसारण अधिकार अच्छे दाम पर बेचना चाहता है। पीसीबी अध्यक्ष एहसान मनी ने हाल ही में कहा था कि बोर्ड को 2020 से 2023 के चक्र के लिये अपने अंतरराष्ट्रीय मैचों के मीडिया प्रसारण अधिकार बेचने में परेशानी आ सकती है। बोर्ड ने सलाहकार फर्म के लिये एक विज्ञापन भी दिया था। इसमें टेंडर भेजने की आखिरी तारीख 14 मई है। पिछले साल पीटीवी स्पोटर्स और टेन स्पोटर्स के साथ हुए करार में पीसीबी को चार साल के लिये 149000 लाख डॉलर मिले थे पर उसमें भारत के खिलाफ दो घरेलू श्रृंखलायें भी शामिल थी। भारतीय टीम के नहीं आने से इसमें से 90000 डॉलर घटा दिए गये थे जिससे पीसीबी को खासा झटका लगा था। अब पीसीबी का प्रयास है कि किसी तरह उसे अच्छी रकम मिल जाए। 
 

Leave a Reply