प्री-मानसून की बारिश ने दी गर्मी से राहत

जयपुर । राजस्थान में प्री मानसून के सक्रिय होने से प्रदेशवासियों को भंयकर गर्मी से राहत मिली है। सुबह जयपुर, दौसा,सीकर, चूरू, झुंझुनूं सहित प्रदेश के पूर्वोत्तर भागों में बारिश हुई इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जयपुर शहर में सुबह करीब एक घंटे तक रुक-रुक कर बारिश का दौर चला। 
इसके साथ ही करीब 22 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चली ठंड़ी हवा ने गुलाबीनगर के लोगों को सर्द मौसम का अहसास करा दिया।  यह बारिश का दौर प्री मानसून माना जाएगा। यह मानसून अरब सागर से आने वाली नम हवाओं के कारण प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हुआ है। इसी वजह से अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में तेज अंधड़ व बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। वहीं  प्री-मानसून की झमाझम बारिश से स्मार्ट सिटी के ड्रेनेज सिस्टम, ट्रैफिक व्यवस्था की पोल खुल गई।  सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास बंगला नंबर 8 के पास ही ट्रैफिक जाम हो गया। वहीं अजमेर पुलिया पर ट्रैफिक पुलिस को अजमेरी गेट की तरफ चार पहिया वाहनों के लिए वन वे करना पड़ा। शहर के सभी पॉश इलाकों में बारिश होने के बाद जगह-जगह पानी भर गया। ऑफिस टाइम होने की वजह से जगह-जगह रास्ता जाम हो गया। ट्रैफिक पुलिस को जगह-जगह वन वे करके ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। मुख्यमंत्री निवास के बाहर ही ट्रैफिक जाम की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि यह तो वीवीआईपी इलाके का हाल है, आम जगहों पर तो इससे बदतर ट्रैफिक व्यवस्था का हाल रहा। 

Leave a Reply