प्रेमी के साथ संबंधों से जन्मे बच्चे को कुंवारी माता ने कड़ाके की ठंड में लावारीस छोड़ा

सूरत | शहर के गोडादरा क्षेत्र में प्रेमी युवक के साथ शारीरिक संबंधों से जन्मे बच्चे को कुंवारी माता ने प्रमुख आरण्य एपार्टमेंट की बिल्डिंग की पार्किंग में लावारीस हालत में छोड़ दिया| बिल्डिंग में रहने वाले व्यक्ति से जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची गोडादरा पुलिस ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत सामान्य है| जानकारी के मुताबिक सूरत के गोडादरा क्षेत्र के प्रमुख आरण्य एपार्टमेंट की बिल्डिंग नंबर बी-4 के पार्किंग में दो दिन पहले एक नवजात शिशु लावारीस हालत में पड़ा देख स्थानीय पवन सोहनलाल अग्रवाल ने पुलिस को इसकी जानकारी दी| घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने नवजात शिशु को अपने कब्जे में लेकर उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया| पुलिस की जांच में पता चला कि उसी क्षेत्र में रहनेवाली एक अविवाहित युवती गर्भवती थी, जिसने बच्चे को जन्म देने के बाद उसे त्याग दिया था| उस वक्त युवती भी अस्पताल में भर्ती थी| अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस की पूछताछ में युवती ने बताया कि वह जिस एपार्टमेंट रहती है उसी एपार्टमेंट में रहनेवाले एक युवक के साथ उसके प्रेमसंबंध थे और दोनों ने आपसी सहमति से शारीरिक संबंध बनाए थे| जिसकी वजह से वह गर्भवती हो गई और बच्चे को जन्म दिया| अविवाहित होने की वजह से अपना पाप छिपाने के लिए बच्चे को त्याग दिया| राजस्थान की मूल निवासी युवती सूरत में अपने भाई-भाभी के साथ रहती है और उसके माता-पिता राजस्थान में रहते हैं| युवती का प्रेमी भी राजस्थान का निवासी है| युवती अपने प्रेमी के खिलाफ कोई शिकायत करने को तैयार नहीं है| युवक और युवती दोनों बालिग हैं| ऐसे में युवक के खिलाफ यदि युवती शिकायत करती है तभी पुलिस उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई कर सकती है| फिलहाल दोनों परिवारों के बीच समाधान की बात चल रही है|

Leave a Reply