बंगाल में लव जिहाद के खिलाफ VHP घर-घर जाकर देगी टिप्स, बताएगी क्या करें, क्या न करें

नई दिल्ली : लव जिहाद का मुद्दे विश्व हिंदू परिषद लंबे समय से उठाता रहा है. अब उसने इस मुद्दे को पश्चिम बंगाल में जोर शोर से उठाने का फैसला किया है. इसके लिए वह डोर टू डोर कैंपेन करना शुरू करेगा. वीएचपी के द्वारा उन महिलाओं को बाकायदा टिप्स दिए जा रहे हैं, जिन्होंने दूसरे धर्म में शादी की है. उनसे कहा जा रहा है कि यदि उन्होंने गलती से दूसरे धर्म में शादी की है, और उन्हें लगता है कि वह लव जिहाद का शिकार हो गई हैं तो उसके लिए उन्हें कुछ काम करने होंगे. उनसे कहा जा रहा है कि वह मांग में सिंदूर भरें. मंगलसूत्र पहनें. इसके साथ ही हिंदू त्योहार मनाएं. अपने घर में धार्मिक माहौल बनाएं.
विश्व हिंदू परिषद से जुड़े बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी पश्चिम बंगाल में इस अभियान से जुड़ गए हैं. कहा जा रहा है कि बंगाल में दुर्गावाहिनी में 35 हजार सदस्य हैं. वहीं बजरंग दल के 40 हजार सदस्य हैं. बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी के सदस्य घर घर जाकर लव जिहाद के खिलाफ पर्चे बांटेंगे. साथ ही लोगों को इसके बारे में टिप्स देंगे
पश्चिम बंगाल वीएचपी के सचिव सचिंद्रनाथ सिन्हा का कहना है कि हमार ये कैंपेन पश्चिम बंगाल में जल्द शुरू होगा. ये इस राज्य में एक ऐसा मुद्दा है, जिसे हम सबके सामने लाना चाहते हैं. इसके अलावा हम इस मुद्दे पर लोगों को जागरूक करना चाहते हैं. ये पूरे बंगाल की एक बड़ी समस्या है. हम सभी हिंदू परिवारों को इस बारे में क्या करना है और क्या नहीं करना है, इस बारे में बताएंगे. यदि कोई लड़की इसका शिकार बन चुकी है, तो हम उसे बताएंगे कि वह ऐसे में अब उसे क्या करना है. इसके अलावा हम उन माता पिता की काउंसलिंग भी करेंगे, जिनकी बेटी लव जिहाद का शिकार हुई है. इसके अलावा उन्हें कानूनी मदद भी उपलब्ध कराएंगे.
VHP इससे पहले लव जिहाद के मुद्दे पर पेंपलेट और बुकलेट प्रकाशित कर चुकी है. इसमें विस्तार से बताया गया है कि लोग लव जिहाद को कैसे पहचानें और उससे कैसे बचें. इसमें उन लोगों को भी संबोधित किया गया है, जिन्होंने दूसरे धर्म में शादी कर ली है, इसके बाद उन्हें इससे निकलने के तरीके भी बताए गए हैं. वीएचपी के प्रवक्ता सौरिश मुखर्जी का कहना है कि हमने उन परिवारों की लिस्ट तैयार कर ली है, जिनकी बेटियां लव जिहाद के जाल में फंस गई हैं. हम उनके घरों में जाएंगे. उन्होंने कहा, हम लव के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन लव जिहाद से हमारी लड़ाई है, जो हिंदू लड़कियों को उनके धर्म से दूर करने की साजिश है.
.
