बचत योजना के नाम पर एक और धोखेबाज लाखों रुपए लेकर चंपत

अजमेर। धोलाभाटा इलाके में बचत योजना के नाम पर गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों से हर महीने राशि जमा करने वाला योजना का संचालक मनीष उपाध्याय पिछले दिनों लाखों रुपए समेट कर परिवार सहित गायब हो गया। पीडि़तों ने अलवर गेट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी उपाध्याय ने करीब तीन सौ लोगों का धन हड़पा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में नसीराबाद रोड नगरा इलाके में बचत योजना का संचालक प्रमोद गुप्ता भी लोगों का करोड़ों रुपए जमा धन लेकर चंपत हो गया था, बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन उससे लोगों का पैसा पुलिस नहीं निकलवा पाई। 
धोलाभाटा निवासी अजीत गुप्ता सहित पचास से ज्यादा लोगों ने धोलाभाटा निवासी मनीष उपाध्याय तथा मुकेश उपाध्याय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपियों ने बचत के नाम पर हर महीने उनसे राशि जमा की और जब ब्याज सहित रुपए लौटाने का समय आया तो मकान में ताला लगा कर गायब हो गए। करीब तीन सौ से ज्यादा लोग मनीष व मुकेश की बचत योजना के सदस्य थे, जिनमें नितिन, जितेन्द्र, राजू आदि शामिल है। पीडि़तों ने जिला पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप को भी इस मामले में शिकायत दी है। पीडि़तों का कहना है कि आरोपी मनीष ने पहले पड़ोसियों को ज्यादा ब्याज और समय पर लोन देने का झांसा देकर बचत योजना का मैंबर बनाया, फिर इनके जरिए अन्य लोगों को भी जोड़ लिया। मैंबर एक हजार से पांच हजार रुपए महीने की किश्त मनीष के पास जमा कराते थे। पीडि़तों ने बताया कि आरोपी मनीष, मुकेश और इनके परिजनों ने फरार होने से पहले मैंबरों से जमा धन की डायरियां जमा कर ली थी। बताया जाता है कि आरोपियों ने डायरियां नष्ट कर दी। कुछ लोगों ने अपनी डायरी अलवर गेट थाने में दी है। पीडि़तों में कई लोगों के तीन से चार लाख रुपए तक की राशि आरोपियों के पास जमा है। 

Leave a Reply