बच्चे की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर में एक मासूम बच्चे की हत्या कर उसके शव को खेत के बाहर झोपड़ी के दरवाजे में फांसी के फंदे से लटका दिया गया था। आज पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुभाष चंद्र शाक्य ने आज ईएमएस को बताया की बीती 2 मई को थाना बंडा के ग्राम मुड़िया छावन निवासी राजेश कुमार के मासूम एकलौते पुत्र अमरजीत गांव में ही जागरण देखने गया हुआ था। सुबह उसकी लाश गांव के बाहर खेत मे पड़ी एक झोपड़ी के दरवाजे में लटकी हुई मिली थी। पिता के द्वारा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। जिसकी विवेचना बंडा प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान के सुपुर्द की गई थी। 

शाक्य ने बताया कि आज मुखबिर की सूचना पर आज प्रभारी निरीक्षक बंडा द्वारा अभियुक्त सुमेश पांडे को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त ने अपने जुर्म का इकबाल किया है और बताया है कि घटना की रात घर के सभी लोग गांव में जागरण देखने गए हुए थे। मृतक मासूम अमरजीत भी जागरण देखने को गया हुआ था। मौका पाकर एकांत में ले जाकर उसका गला दबाकर जान से मार दिया था उसकी लाश को गांव के बाहर खेत में पड़ी एक झोपड़ी के दरवाजे से लटका दिया था। घटनाक्रम के बारे में अभियुक्त से गहनता से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply