बाजार में नकदी बढ़ाने सरकार लाएगी एलिफैंट बांड

नई दिल्ली । बाजार में नकदी की कमी को दूर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार एलिफैंट बांड ला सकती है। अभी नकदी की कमी को बड़ी समस्या के रूप में देखा जा रहा है। एलिफैंट बांड को लाने की सिफारिश सरकार की तरफ से गठित उच्च स्तरीय कमेटी ने की है। इस कमेटी में अर्थशास्त्री सुरजीत दास, वरिष्ठ नौकरशाह हर्षवद्र्धन सिंह, औद्योगिक संगठन सीआईआई के चंद्रजीत बनर्जी समेत कई अन्य वरिष्ठ नौकरशाह शामिल थे। मंत्रालय के मुताबिक तीन दिन पहले 22 मई को कमेटी ने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। विनिर्माण के लिए निवेश को बढ़ाने एवं नकदी की समस्या के समाधान के लिए मंत्रालय की तरफ से इस कमेटी का गठन किया गया था। मंत्रालय सूत्रों का कहना है कि सरकार एलिफैंट बांड की सिफारिश को मंजूर कर सकती है क्योंकि बैंकों के कर्ज भारी मात्रा में फंसे होने की वजह से बैंकों के पास नकदी की कमी है और उपभोग को बढ़ाने के लिए बाजार में नकदी के प्रवाह में इजाफा होना आवश्यक है तभी अर्थव्यवस्था गति पकड़ेगी। एलिफैंट बांड लेकर कालेधन को सफेद किया जा सकेगा लेकिन आधी रकम सरकार ले लेगी।
