बारिश के मौसम में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दीदार करने पहुंचे हजारों सैलानी

अहमदाबाद | दक्षिण गुजरात में नर्मदा बांध के निकट बनी सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का बारिश के मौसम में दीदार करने हजारों सैलानी पहुंच रहे हैं| पिछले तीन दिनों से नर्मदा जिले में सर्वत्र बारिश हो रही है| पांच तहसीलों में छह ईंच से ज्यादा बारिश होने से सूखी पड़ी नर्मदा दोनों किनारे बहने लगी है| सातपुडा और विंद्याचल तलहटी स्थित नर्मदा जिले को प्रकृति की हरी चादर ने अपने आगोश में ले लिया है| चारों ओर हरियाली ही हरियाली से प्राकृतिक सौंदर्य निखर उठा है| इस प्राकृतिक सौंदर्य का दीदार करने रविवार को करीब 15000 जितने सैलानी स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचे| स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सभी पार्किंग फूल हैं| नर्मदा जिले में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के साथ ही प्राकृतिक सौंदर्य देखने बड़ी संख्या में सैलानियों का तांता लगा हुआ है| दूसरी ओर अच्छी बारिश होने से नर्मदा जिले के किसानों में खुशी छा गई है| उनकी फसलों को बारिश होने से जीवनदान मिला है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है|

Leave a Reply