बिजली टैरिफ प्लान में गलती हुई, सुधारेंगे

भोपाल । बिजली के टैरिफ प्लान में 150 यूनिट के बाद लांग जम्प है। गलती हुई है। इसे सुधारेंगे। यह कहना है प्रदेश के जल संसाधन मंत्री हुकुमसिंह कराड़ा का। श्री कराडा कल बेरछा मंडी परिसर में आयोजित ‘आपकी सरकार आपके द्वार’ शिविर में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में बिजली के टैरिफ प्लान पर कहा कि 150 यूनिट के बाद लांग जम्प है। गलती हुई है। इसे सुधारेंगे। उन्होंने कहा मप्र में बिजली उत्पादन बढ़ा है लेकिन वितरण व्यवस्था से सरकार भी संतुष्ठ नहीं है। इस बारे में हर कैबिनेट की बैठक में चर्चा होती है। कई प्रयास किए गए। जिसके जल्द परिणाम नजर आएंगे। अब सुपरवाइजर केंद्र पर एक समिति बनाएंगे। समिति की बैठक होगी और गलत बिलों को सुधार जाएगा। अब तक उपभोक्ताओं को जेई, एई व डीई की ओर देखना पड़ता था। उनकी मर्जी होती है तो वे सुधारते हैं। समितियों को अधिकार देंगे। ताकि बिलों में जहां विसंगतियां रहे तो उन्हें दूर किया जा सके। बिजली प्रदाय व्यवस्था में कौन गड़बड़ी कर रहा तो उसे भी चिंहि्नत करेंगे।
साध्वी प्रज्ञासिंह के हाल ही में दिए गए बयान पर कराड़ा ने कहा कि किसी की मानसिकता खराब हो जाए तो उसे अस्पताल जाना चाहिए। अफलन से प्रभावित सोयाबीन फसल के उचित मुआवजे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सोमवार को शाजापुर के शुजालपुर, अकोदिया, सलसलाई, मोहन बड़ोदिया होते हुए आगर व बड़ौद गए थे। बड़ौद में सभा भी की थी और सांसद व विधायक के साथ सांकेतिक गिरफ्तारी भी दी गई। शिवराज के इस दौरे पर मंत्री कराड़ा ने चूटकी ली। कहा कि विपक्ष का काम करना चाहिए। वे आंदोलन ही तो करेंगे। अब वल्लभ भवन में बैठकर कोई ऑर्डर तो पास नहीं करेंगे।
