बिजली ठेकेदार ने राड मारकर पूर्व कर्मचारी की कर दी हत्या

बिलासपुर । कल रात बिजली ठेकेदार ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर नेहरू नगर विद्युत मंडल में अपने पूर्व कर्मचारी पर राड से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। बताया जाता है कि मृतक युवक पहले आरोपी ठेकेदार के यहां काम करता था। जिसका कुछ पैसा बकाया होने पर वह अपने एक अन्य साथी के साथ आरोपी के घर गया था वहां पर आरोपी की पत्नी के साथ कहा-सुनी हो गई। उसके बाद मृतक नेहरू नगर सब स्टेशन में आ गया था। बताया यह जाता है कि मृतक विद्युत ठेकेदार नवीन तिवारी के साथ काम कर रहा था। पुलिस ने हत्या के आरोपी पति पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तारबाहर क्षेत्र में रहने वाला राजाराम वस्त्रकार जो पहले आरोपी विद्युत मंडल के ठेकेदार सोनू मांझी के साथ विद्युत मेटनेंस का काम करता था। वर्तमान में मृतक राजाराम नए ठेकेदार नवीन तिवारी के साथ काम करने लगा था। मृतक का कुछ पैसा आरोपी सोनू मांझी के पास बकाया था। कल रात मृतक युवक अपने साथी विजय साहू के साथ उसके घर गया जहां पर ठेकेदार सोनू मांझी नहीं मिला। मृतक राजाराम ने ठेकेदार की पत्नी नीति मांझी से पैसे मांगे उसी दौरान मृतक की कहा-सुनी हो गई। उसके बाद राजाराम अपने साथी विजय के साथ नेहरू नगर बिजली सब स्टेशन आ गया। कुछ देर बाद आरोपी ठेकेदार सोनू अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंच गया और मृतक राजाराम से गाली गलौच करते हुए पहले हाथापाई की और उसके बाद लोहे की राड से राजाराम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। राजाराम जब लहुलूहान हालत में जमीन पर गिर गया तब आरोपी दंपति वहां से फरार हो गए। अचेतावस्था में युवक को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया जहां उपचार के कुछ मिनट बाद युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाईन पुलिस ने आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का किया प्रयास
हत्या करने के बाद आरोपी ठेकेदार सोनू मांझी सिविल लाइन थाना पहुंच गया और पुलिस को गुमराह करते हुए मृतक राजाराम के भाई के खिलाफ आवेदन दिया जिसमें आरोपी ने बताया कि राजाराम वस्त्रकार के भाई द्वारा उसे जाने से मारने एवं घर में आग लगाने की धमकी दी जा रही है। पुलिस को आवेदन देने के बाद आरोपी ठेकेदार वहां से चला गया। मृतक के भाई को जब थाना प्रभारी श्री यादव ने बुलाकर पूछताछ की तब मृतक के भाई ने पूरा घटनाक्रम पुलिस को बताया उसके बाद सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी दंपति को गिरफ्तार किया।
