बिहार की संजू ने मछली के कार्टन से बनाया शौचालय

बांका। नक्सल प्रभावित बेलहर दमजोर तांती टोला(बांका, बिहार) की संजू देवी स्वच्छता अभियान की दूत बन कर सामने आई है। संजू के पास इतने पैसे नहीं थे कि वह शौचालय बनवा पाती। इसलिए उसने जुगाड़ तकनीक का सहारा लिया। बाजार से मछली कार्टन चुनकर घर ले आई और उसके सहारे शौचालय तैयार कर लिया। अब इसकी खूब चर्चा हो रही है।

जानकारी मिलने पर बीडीओ चिरंजीवी पांडेय भी शौचालय देखने संजू के घर पहुंचे। उसके हाथों की बनी चाय पी और इसके निर्माण की पूरी कहानी सुनी। साथ ही उसके घर अविलंब पक्का शौचालय बनवाने का वचन दिया। संजू को तीन पुत्र और एक पुत्री है। एक पुत्र दिव्यांग है। पति दिहाड़ी मजदूर हैं, जिसकी कमाई से घर चलता है। पूरे परिवार को गर्मी, बरसात, ठंड में खुले में शौच जाने में हमेशा भय सताता था।

संजू की शौचालय बनाने की प्रबल इच्छा थी। सबसे पहले उसने सीमेंट और कुछ ईंटें लाकर छोटी टंकी का निर्माण कराया फिर उधार पर पेन (शीट) लाकर फर्श को शौचालय का रूप दिया। इसके बाद बाजार में मछली विक्रेताओं द्वारा फेंकी गई थर्मोकॉल का कार्टन उठा लाई।

उसे काटकर अलग किया। फिर उसकी सिलाई मोटे धागे से कर तीन तरफ जोड़कर दीवार खड़ी कर दी। कार्टन से ही छत तैयार किया। इस पर मजबूती के लिए सीमेंट की बोरी लगाकर सिलाई की। बीते छह महीने से संजू और उसका परिवार इस शौचालय का उपयोग कर रहा है।

Leave a Reply