बिहार: पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, पांच लोगों की मौत, कई घर ध्वस्त

नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में अवैध रूप से संचालित हो रहे पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के कई घर ध्वस्त हो गए। घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। कई लोग झुलस गए हैं। कुछ लोगों के मलबे में भी दबे होने की सूचना है। घटनास्थल पर पुलिस व प्रशासन की टीम पहुंच गई है। मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र के खासगंज मोहल्ले में कई वर्षों से अवैध रूप से पटाखा का निर्माण हो रहा था। गुरुवार की देर रात पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। 18 लोग घायल हो गए। चार ही हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें पीएमसीएच रेफर किया गया है। प्रशासन की तरफ से सभी घायलों के इलाज पर नजर रखी जा रही है एवं सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।
इस मामले में पटाखा फैक्ट्री चला रहे मो. सरफराज पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। स्थानीय सोहसराय थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है। जांच के लिए अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ एवं पुलिस उपाधीक्षक बिहार शरीफ की तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। 8 सदस्यीय टीम घटनास्थल पर पर पहुंच कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरुवार की रात करीब 10.15 मोहम्मद राजा के घर में बम विस्फोट हुआ। बम इतना शक्तिशाली था कि आसपास के तीन मकान ध्वस्त हो गए। आसपास के लोगों ने बताया कि मोहम्मद रजा घर में बम बनाता था। बांधने के क्रम में एक बम फट गया। उसके फटते ही घर में रखे अन्य बम भी एक के बाद एक कर फूटने लगे। इससे न केवल उसके घर में आग लग गई बल्कि अगल-बगल के तीन अन्य मकान भी चपेट में आ गए। कुछ लोग कह रहे थे कि वह घर में पटाखा बनाता था। घर में रखा बारूद फटने से इतना बड़ा हादसा हुआ है।
