बिहार में इंटर और मैट्रिक परीक्षा से पहले लगेगा छात्रों को कोरोना का टीका

पटना बिहार में अगले महीने होने वाली मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा को देखते हुए 15 से 18 आयु वर्ग के सभी किशोरों के टीकाकरण के निर्देश स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए हैं। किशोरों का टीकाकरण हर हाल में 26 जनवरी तक पूरा करने के लिए जिला और प्रखंड स्तर पर टास्क फोर्स भी गठित कर दी गई है। लक्ष्य पूरा करने वाले स्कूलों को 26 जनवरी को पुरस्कृत किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी जिलाधिकारियों के साथ सिविल सर्जनों को एक पत्र भेजा है। आपको बता दें कि राज्‍य में किशोरों के लिए उनके स्‍कूल में जाकर भी टीकाकरण की व्‍यवस्था की जा रही है।

15 वर्ष से अधिक आयु वालों को ही टीका

स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के पत्र में कहा गया है कि अगले महीने से मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं होनी है। बिहार बोर्ड के साथ सीबीएसई और आइसीएसई बोर्ड भी परीक्षा आयोजित करते हैं। जिसमें बड़ी संख्या में 15 से 18 आयु वर्ग के विद्यार्थी भाग लेते हैं। राज्य में केंद्र सरकार के निर्देश के बाद 15 से ऊपर की उम्र वाले किशोरों को कोरोनारोधी टीके दिए जा रहे हैं।

Leave a Reply