बिहार में बाढ़ के कहर से 83 लाख आबादी प्रभावित, अब तक 127 की गई जान

पटना : बिहार में बाढ़ का कहर निरंतर जारी है. बाढ़ ने राज्य के कुल 13 जिलों को अपने चपेट में लिया है. आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, अब तक कुल 127 लोगों की मौत हो चुकी है. बाढ़ से प्रभावित जिलों में अररिया, किशनगंज, शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, कटिहार, मोतिहारी, बेतिया और मुजफ्फरपुर शामिल है.
बिहार आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, बाढ़ में मृतकों की संख्या 127 है. ये मौतें 11 जिलों में हुई हैं. 13 जिलों के 106 प्रखंडों के 1243 पंचायतों के लोग बाढ़ से पीड़ित हैं.
बाढ़ प्रभालितों के लिए 856 सामुदायिक रसोई घर चलाए जा रहे हैं. एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की 27 टीमें काम कर रही हैं. 796 कर्मी राहत बचाव में लगे हैं. 133 मोटरबोट चलाए जा रहे हैं.
बिहार की कुल सात नदियां आज भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. बिहार में बहने वाली गंडक, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, कोसी, महानंदा और परमान नदी कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. इसके कारण कई इलाके आज भी पानी में डूबे हुए हैं.
