बीजेपी मुख्यालय के लिए रवाना हुआ अरुण जेटली का पार्थिव शरीर, श्रद्धांजलि देने वालों का लगा तांता

पूर्व वित मंत्री अरुण जेटली (Arun Jaitley)  का अंतिम संस्कार आज निगम बोध घाट पर दोपहर 2.30 बजे किया जाएगा. अंतिम संस्कार से पहले अरुण जेटली का पार्थिव शरीर पार्टी मुख्यालय में रखा जाएगा. अरुण जेटली का पार्थिव शरीर बीजेपी मुख्यालय के लिए रवाना हो चुका है. अरुण जेटली के पार्थिव शरीर को सेना के ट्रक में ले जाया जा रहा है.

सुबह 10:16 बजे-  गृह मंत्री अमित शाह ने भारी मन से अरुण जेटली के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. अमित शाह के अपने ट्विटर हैंडल पर अरुण जेटली के सफरनामे का एक वीडियो शेयर किया है.

सुबह 10:08 बजे- अरुण जेटली का पार्थिव शरीर सुबह 10:30 बजे बीजेपी मुख्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा.

सुबह 09:55 बजे-भाजपा नेता, विधायक और मित्र भाजपा मुख्यालय में अरुण जेटली के काफिले के साथ जा रहे हैं. बीजेपी मुख्यालय में अरुण जेटली का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा.

सुबह 09:30 बजे- ब्रिटिश उच्चायुक्त  सर डोमिनिक एस्क्विथ ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि अरुण जेटली को ब्रिटेन में काफी पसंद किया जाता था. उनके ज्ञान, सौम्यता और खुशमिजाज स्वभाव का हर कोई कायल था. उनकी कमी हमेशा खलेगी.

सुबह 09:25 बजे- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोहरा, प्रफुल्ल पटेल, रालोद नेता अजीत सिंह और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और टीडीपी नेता एन चंद्रबाबू नायडू भी अरुण जेटली को श्रद्धांजलि देन उनके आवास पहुंचे हैं.

सुबह 09:15 बजे- अरुण जेटली को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर नेताओं का तांता लगा हुआ है. सुबह बीजेपी नेता राम माधव, कैलाश विजयवर्गीय और शिवप्रताप पहुंचे. वहीं एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने भी जेटली को श्रद्धांजलि दी.

गौरतलब है कि जेटली का लंबी बीमारी के बाद शनिवार सुबह दिल्ली के एम्स में 66 वर्ष की आयु में निधन हो गया था. सांस लेने की तकलीफ की शिकायत के बाद अरुण जेटली को 9 अगस्त को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था. यहां उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही और उन्हें बाद में लाइव सपोर्ट सिस्टम पर रखना पड़ा. जेटली को गुरुवार को डायलिसिस हुआ था. निधन के बाद जेटली के पार्थिव शरीर को दिल्ली के कैलाश कॉलोनी स्थित उनके आवास पर ले जाया गया था. जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह (Amit Shah) सहित विभिन्न नेताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए.

इन दिग्गजों ने जेटली को दी अंतिम विदाई
विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं भाजपा (BJP) कार्यकर्ताओं तथा उनके प्रशंसकों ने जेटली को अंतिम विदाई दी. जेटली का पार्थिव शरीर कांच के ताबूत में रखा गया. नेताओं ने इस दौरान श्रद्धासुमन अर्पित किये और पुष्पचक्र चढ़ाया., राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण पीयूष गोयल, हर्षवर्धन, जितेंद्र सिंह और एस. जयशंकर के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित विभिन्न नेताओं ने जेटली को अंतिम विदाई दी.

लंबी बीमारी से जूझ रहे थे जेटली
बता दें कि अरुण जेटली काफी समय से एक के बाद एक बीमारी से लड़ रहे थे. इसी के चलते उन्‍होंने लोकसभा चुनाव, 2019 में बीजेपी को मिली प्रचंड जीत के बाद पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करने का आग्रह किया था.

मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करने के लिए लिखा था पत्र
जेटली ने पत्र में लिखा था कि 18 महीने से मेरा स्‍वास्‍थ्‍य खराब चल रहा है. मैंने चुनाव प्रचार की सभी जिम्‍मेदारियों को निभाया. अब अपनी सेहत और इलाज पर ध्‍यान देना चाहता हूं. दरअसल, उन्‍हें अप्रैल, 2017 में एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां वह डायलसिस पर थे. इसके बाद 14 मई, 2018 को दिल्ली के एम्स में उनका किडनी ट्रांसप्‍लांट हुआ. उनकी गैरमौजूदगी में रेल मंत्री पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई थी. इसके बाद जेटली ने 23 अगस्त, 2018 को फिर वित्त मंत्रालय की जिम्‍मेदारी संभाल ली.
 

Leave a Reply