बीसीसीआई ने एसीबी का निवेदन ठुकराया

मुम्बई । भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के भारत में टी20 लीग का आयोजन करने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। बीसीसीआई ने अफगानिस्तान में क्रिकेट को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है पर टी20 लीग के लिए मंजूरी नहीं दी । बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘एसीबी ने हम से भारत में लीग कराने का आग्रह किया था पर हमारी अपनी लीग (आईपीएल) है, ऐसे में उनका निवेदन स्वीकार करना संभव नहीं था।’’ एसीबी अधिकारियों ने मुंबई में 16 मई को बीसीसीआई सीईओ राहुल जौहरी और महाप्रबंधक (क्रिकेट संचालन) सबा करीम से मुलाकात के दौरान यह मुद्दा उठाया था। एसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी असदुल्ला खान ने देहरादून और ग्रेटर नोएडा के बाद भारत में तीसरे घरेलू मैदान की मांग की जिस पर बीसीसीआई को कोई आपत्ति नहीं है। ऐसे में भारत में लखनऊ टीम का तीसरा घरेलू मैदान हो सकता है। खान ने कहा, ‘‘ देहरादून में पांच सितारा होटल नहीं है, ऐसे में टीमों की मेजबानी करना एक समस्या है। हम चाहेंगे कि लखनऊ में हमें मैदान मिले।’’ इसके अलावा बीसीसीआई ने रणजी की 10 बड़ी टीम के साथ सहयोगी सदस्यों के तौर पर अफगानिस्तान के कोचों को जोड़ने के एसीबी के अनुरोध को मान लिया है। खान ने कहा, ‘‘ हमारे कोचों के लिए यह सीखने का शानदार अवसर होगा।’’
