बुजुर्ग महिला ने बेटों के सामने की आत्मदाह की कोशिश, ये है वजह

गोरखपुर: गोरखपुर में जमीन के विवाद में एक महिला के आत्मदाह करने की कोशिश का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें महिला खुद को आग लगा रही है. वहीं, मौके पर मौजूद महिला के परिजन उसे बचाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं. आग से झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि महिला अपने पड़ोसी के मकान निर्माण का विरोध कर रही थी, जबकि पड़ोसी खुद की पैतृक जमीन पर मकान निर्माण करा रहा है. मामला बढ़हलगंज थाना के पदमलपुर गांव के पास का है.
जानकारी के मुताबिक, गांव में दिवाकर शुक्ला नाम का एक शख्स अपनी पैतृक की जमीन पर मकान निर्माण करा रहे थे, जिसका विरोध उसके पड़ोस में रहने वाली महिला और उसका परिवार कर रहा है. मकान निर्माण से नाराज महिला ने आत्मदाह की कोशिश की है. महिला का आरोप है कि उसकी जमीन पर पड़ोसी मकान निर्माण करा रहे हैं. हालांकि, लेखपाल और एसडीएम की रिपोर्ट महिला के खिलाफ है.
शुरूआती जांच में महिला द्वारा निर्माण कार्य से नाराज होकर खुद के बेटों की मौजूदगी में आत्मदाह की कोशिश करने का पता चला है. हैरानी की बात यह है कि महिला के साथ मौजूद उसके बेटों ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की है. वीडियो में महिला का परिवार बोल रहा है कि अब मामले की जांच ठीक तरीके से होगी. वहीं, घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया .
वहीं, इस मामले में महिला राजकुमारी के बेटे शैलेष शुक्ला ने कहा है कि तहसील दिवस में एसडीएम ने दूसरे पक्ष में निर्माण कराने का आदेश किया, जबकि मैंने कोर्ट से स्टे का हवाला दिया था. एसडीएम ने कहा कि वह अपनी जमीन पर निर्माण करा रहा है, अधिकारियों के सुनवाई नहीं करने से तंग आकर उनकी मां ने आत्मदाह किया.
वहीं, इस मामले में एसपी साऊथ विपुल श्रीवास्तव का कहना है कि दरअसल बढ़हलगंज थाना के पदमलपुर गांव के दिनेश शुक्ला अपनी पैतृक जमीन पर मकान का निर्माण करा रहा थ, जबकि पड़ोस के शैलेष, अखिलेश, निलेष और उसकी मां जबरन निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं. इस मामले में पूर्व के थाना दिवस में लेखपाल और एसडीएम ने भी दिवाकर शुक्ला के पक्ष में रिपोर्ट लगाई है.
