बुरहान वानी की दूसरी बरसी: घाटी में इंटरनेट सेवा बंद, रोकी गई अमरनाथ यात्रा

श्रीनगर।हिज्बुल कमांडर बुरहान वानी की दूसरी बरसी के मौके पर अलगाववादियों द्वारा आहूत विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर प्रशासन ने रविवार को श्रीनगर और अन्य हिस्सों में प्रतिबंध लगा दिया। इसके साथ ही अलगावादियों द्वारा आहूत की गयी हड़ताल के मद्देनजर रविवार को एक दिन के लिए अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी है। सुरक्षाबलों ने आठ जुलाई 2०16 को वानी और उसके दो सहयोगियों को अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके में मुठभेड़ में मार गिराया था। वरिष्ठ अलगाववादी नेता सईद अली गिलानी, मीरवाइज उमर फारूख को घर में नजरबंद किया गया है जबकि मुहम्मद यासीन मलिक को हिरासत में लिया गया है। 


पुलिस ने कहा, 'श्रीनगर के पुराने इलाकों नौहट्टा, खानयार, रैनवाड़ी, एम.आर. गंज और सफा कदाल में प्रतिबंध लागू रहेगा।' क्रालखुद और मैसूमा के अधिकार क्षेत्रों में आने वाले क्षेत्रों में आंशिक प्रतिबंध जारी रहेगा। वानी के पैतृक गृहनिवास त्राल में दूसरे दिन भी प्रतिबंध बरकरार है।श्रीनगर और अन्य जिला मुख्यालयों के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के भारी दल तैनात किए गए हैं। घाटी में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थाई तौर पर बंद कर दी गई है जबकि ब्रॉडबैंड कनेक्शन की स्पीड घटा दी गई है।

एक दिन के लिए स्थगित अमरनाथ यात्रा

जम्मू कश्मीर प्रशासन ने हिज्बुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी की दूसरी बरसी पर अलगावादियों द्वारा आहूत की गयी हड़ताल के मद्देनजर रविवार को एक दिन के लिए अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी है। पुलिस महानिदेशक एस पी वैद्य ने कहा, 'आपको पता है कि जम्मू कश्मीर में कानून व्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं है और हमारा प्रयास तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। कल हड़ताल का आह्वान किया गया है ऐसे में हमें यात्रा रोकनी पड़ी। हमारा कर्तव्य तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।'


एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस महानिदेशक ने अन्य स्थानों के साथ जम्मू कश्मीर में प्रवेश के लिए द्वार समझे जाने वाले लखनपुर रिसेप्शन सेंटर पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। वैद्य ने कहा, 'यात्रियों की सुरक्षा और सुगमता हमारी शीर्ष प्राथमिकता है…मेरी तीर्थयात्रियों से अपील है कि उन्हें घाटी की (कानून व्यवस्था की) स्थिति को ध्यान में रखकर हमारे साथ सहयोग करना चाहिए।'


Leave a Reply