बेहतर प्रदर्शन से मनोबल बढ़ा : उनादकट

जयपुर । राजस्थान रायल्स के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने कहा है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी से उनका मनोबल बढ़ा है। इस प्रकार के प्रदर्शन की जरूरत थी। पिछले कुछ मैचों में उनकी गेंदों पर जमकर रन बने थे। उनादकट ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चार ओवर में महज 26 रन देकर दो विकेट लिए। इसके साथ तीन शानदार कैच भी पकड़े जिससे उनकी टीम इस मुकाबले को सात विकेट से जीतकर प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। उनादकट ने कहा, ‘‘ मुझे अपना आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए इस प्रदर्शन की कितनी जरूरत थी वह मैं बता नहीं कर सकता। मेरे लिए पिछले कुछ मैच मुश्किल भरे रहे लेकिन उससे मैं मजबूत हुआ और बेहतर खिलाड़ी बना हूं।’’ उनादकट ने कहा, ‘‘ इस सत्र में मैंने वह सबकुछ किया, जो कर सकता था और मैं इससे खुश हूं लेकिन यह परिणामों में नहीं दिखता है।’’

Leave a Reply