बैंक शाखाओं में लूटकांड का खुलासा, छह गिरफ्तार

रांची । पलामू जिले की पुलिस ने दो बैंक लूटकांडों का खुलासा करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूट की राशि का 70 हजार और हथियार भी बरामद किया गया है।
पलामू के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 22 मई को जिले के छतरपुर थाना अंतर्गत इलाहाबाद बैंक शाखा से 2.60लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया गया।, जबकि पांकी थाना क्षेत्र के बांसडीहा स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा से लूट की कोशिश की गयी। उन्होंने बताया कि बांसडीहा स्थित पीएनबी शाखा में बैंक डकैती के प्रयास किया गया था, इस घटना में बैंक कर्मी के द्वारा सायरन बजा दिया गया और साहस प्रदर्शित करने के कारण अपराधी लूट की घटना को अंजाम देने में असफल रहे और वहां से फायरिंग करते हुए भाग निकले।
इन दोनों लूटकांडों को एक ही गैंग के 12 अपराधियों ने अंजाम दिया। अब तक की अनुसंधान में घटना में शामिल छह अपराधियों को छतरपुर थाना क्षेत्र के पीपरा थाना और सदर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। इन अपराधियों के पास से इलाहाबाद बैंक से लूटी गयी रकम, घटना में प्रयुक्त हथियार, चोरी की मोटरसाईकिल और मोबाइल बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। गिरोह के छह अन्य सदस्यों की भी पहचान कर ली गयी है और उन फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिये गये है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बिट्टू गुप्ता, विक्की गुप्ता, पप्पू उर्फ आकाश पासवान, सन्नी उर्फ बिट्टु, रेहान अंसारी और सोहेल अंसारी के रूप में की गयी है। ये सभी जिले के छतरपुर, पीपरा और सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले है। इस गैंग के शेष छह अपराधियों की भी पहचान कर ली गयी है और इन सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार सभी अपराधियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। इस गैंग में शामिल अपराधियों का अपराधिक इतिहास रहा है। इन सभी ने पलामू जिले के छतरपुर, पीपरा और शहर थाना क्षेत्र तथा बिहार के औरंगाबाद जिले में भी मोटरसाईकिल चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, 315 बोर का जिन्दा कारतूस, 70हजार रुपये नकद, घटना के समय अपराधियों द्वारा पहना हुआ वस्त्र (सीसीटीवी के आधार पर पहचाना गया), छह मोबाइल और चोरी की तीन मोटरसाईकिलें बरामद की गयी है।
