बोकारो में आजसू नेता ने दो को मारी गोली, एक की मौत

बोकारो। बोकारो में बुधवार की देर रात आजसू नेता सह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी अजय सिंह ने अपने शागिर्दों के साथ सेक्टर नौ ए रोड स्ट्रीट चार में दो लोगों को गोली मार दी। इस घटना में सुनील गुप्ता नामक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा अमरेश उर्फ अप्पू जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है। उसका इलाज बोकारो जेनरल अस्पताल में चल रहा है। जानकारी पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अजय सिंह के घर देर रात पुलिस ने छापा मारकर तीन देसी तमंचे, एक कारबाइन और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किया है, जबकि अजय सिंह फरार है।
पुलिस ने अजय की पत्नी अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सह प्रशिक्षक एंजेला सिंह को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। आजसू नेता अजय सिंह ने 2005 में आजसू के टिकट पर व 2014 में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर बोकारो विधान सभा सीट से चुनाव लड़ा था।
मामले की जानकारी पाते ही बोकारो डीएसपी अजय कुमार, सीसीआर डीएसपी रजत माणिक बाखला, पुलिस अधिकारी कमल किशोर, राजेश कुजूर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। यहां प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सेक्टर नौ ए रोड स्ट्रीट चार पर अमरेश और सुनील से किसी बात को लेकर अजय सिंह की बहस हुई थी।
इसके बाद ही अजय ने शागिर्दों के साथ मिलकर फायङ्क्षरग कर दी। सुनील और अमरेश दोनों को गोली लगी और वे घटनास्थल पर गिर गए। इस बीच अजय अपने साथियों के भाग निकला। घायलों को स्थानीय लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। अमरेश का इलाज चल रहा है। उसके बयान के बाद ही पूरा घटनाक्रम पता चल सकेगा। सुनील गुप्ता सेक्टर नौ के नवनाथ मंदिर क्षेत्र व अमरेश नौ ए स्ट्रीट चार का निवासी है।
घटना के कारणों की पुलिस कर रही पड़ताल
घटना क्यों हुई, पूरा घटनाक्रम क्या है इस बारे में पुलिस आसपास के लोगों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि अमरेश के बयान के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अजय ने गोली मारी है, इसके बाद उनके घर पर छापा मारा। उनके घर से तमंचे, कारबाइन और बड़ी संख्या में कारतूस मिले हैं।
