ब्रेथवेट को नाराजगी जताना भारी पड़ा, जुर्माना लगा 

मैनचेस्टर । वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर खिलाड़ी कार्लोस ब्रेथवेट को अंपायर के फैसले के प्रति नाराजगी जताना भारी पड़ा है। इस मामले में ब्रेथवेट पर जुर्माना लगाया गया है।  ब्रेथवेट ने गलती मानकर इस जुर्माने को स्वीकार लिया है जो मैच रैफरियों के एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के मैच रैफरी क्रिस ब्राड द्वारा लगाया गया था। इसलिए अधिकारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ीं। ब्रेथवेट पर मैच फीस का 15 फीसदी जुर्माना भारत के खिलाफ खेले गए आईसीसी विश्व कप मैच में अंपायर के फैसले पर नाराजगी जताने के लिए लगाया गया है। इसके साथ ही ब्रेथवेट के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक नकारात्मक अंक भी जुड़ गया है। आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘ब्रेथवेट को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की आईसीसी की आचार संहिता की धारा 2.8 के उल्लघंन का दोषी पाया गया जो एक अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान ‘अंपायर के फैसले के खिलाफ नाराजगी जताने’ से जुड़ा हुआ है।’
ब्रेथवेट के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक नकारात्मक अंक जुड़ गया है जो सितंबर 2016 में संशोधित संहिता के आने के बाद उनका दूसरा अपराध है। ब्रेथवेट के अब दो नकारात्मक अंक हो गये हैं। ब्रेथवेट से जुड़ी यह घटना मैच के 42वें ओवर में घटी जब उन्होंने गेंदबाजी के दौरान वाइड करार दिए जाने के अंपायर के फैसले का विरोध किया था।

Leave a Reply