बड़ा खुलासा: सोनपुर मेले में विधायक अनंत सिंह को मारने का था प्लान

पटना [जेएनएन]। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की सोनपुर मेले में मारने की साजिश रची गई थी। अपराधियों ने पूरी तैयारी भी कर ली थी। लेकिन वे अपनी योजना में कामयाब नहीं हो सके। यह बड़ा खुलासा पुलिस गिरफ्त में आये अपराधी ने खुद किया।
मरांची थाना के जलालपुर गांव का रहने वाले चर्चित अपराधी मोनू और बिहारशरीफ के नीलेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान मोनू ने बताया कि उसने अनंत सिंह की हत्या की सुपारी ली थी। सोनपुर मेले में अनंत सिंह की हत्या करने की योजना थी।
दरअसल, पुलिस की विशेष टीम के हत्थे चढ़े मोकामा के मरांची निवासी कांट्रैक्ट किलर मोनू कुमार और नीलेश कुमार मोकामा विधायक अनंत सिंह की हत्या की साजिश रच रहे थे। मोनू ने खुलासा किया कि उसका दूसरा भाई सोनू यूपी के मऊ के विधायक मुख्तार अंसारी के संरक्षण में है। मोनू ने पुलिस के सामने कबूला कि सोनपुर मेला के दौरान वह मुख्तार अंसारी के शूटरों के साथ अनंत सिंह की हत्या के फिराक में पहुंचा था, लेकिन मेले में विधायक के नहीं पहुंचने से प्लान फेल हो गया।
शुक्रवार की रात बाढ़ में स्थित एक ईंट भट्ठा के पास फिर से मोनू और नीलेश मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनके करीबी मुखिया प्रत्याशी की मणि सिंह हत्या की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों की मानें तो मोनू और नीलेश ने विधायक की हत्या के लिए पचास लाख रुपये की सुपारी ली है।
दोनों के साथ मनोज सिंह और मुख्तार के करीबी भोला सिंह और मुकेश सिंह भी थे। नीलेश कुख्यात गुड्डू शर्मा का शागिर्द रह चुका है। मोनू कुमार अपने भाई सोनू के साथ सोनू-मोनू गैंग संचालित करता है। लूट, रंगदारी, मर्डर इनका पेशा है। गिरोह के तार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड व पश्चिम बंगाल में भी फैले हैं। दोनों के खिलाफ एक दर्जन से अधिक लूट, रंगदारी सहित संगीन मामले दर्ज हैं। इनके पास से हथियार भी बरामद हुआ है।
मनोज सिंह के पास है मोनू की एके-47
कुछ माह पूर्व बाढ़ कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान गुड्डू की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को सोनू-मोनू गैंग ने अंजाम दिया था। एसएसपी मनु महाराज ने सोनू-मोनू को दबोचने के लिए स्पेशल टीम गठित की थी। मोनू ने पूछताछ में बताया कि मुखिया प्रत्याशी मणि सिंह की हत्या इसलिए करना चाहता था, क्योंकि उन्होंने निर्वाचित मुखिया बहन के निर्वाचन को रद करने के लिए पटना उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की थी।
न्यायालय ने उसकी बहन का निर्वाचन रद्द कर दिया था। इसी के प्रतिशोध में मोनू और नीलेश मणि सिंह और उन्हें संरक्षण देने वाले प्रतिनिधि की हत्या की योजना बना रहे थे। मोनू और सोनू ने गुड्डू को ठिकाने लगाने का काम नौबतपुर के कुख्यात मनोज सिंह को दिया था। मोनू के पास एके-47 था। पुलिस ने जब एके-47 के बारे में पूछताछ तो पता चला कि मोनू ने उसे मनोज सिंह को दिया। मोनू को कुछ साल मुंगेर के तस्कर ने छह लाख रुपये में एके-47 बेचा था।
मुख्तार के इशारे पर देते घटना को अंजाम
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि घटना को अंजाम देने के बाद झारखंड, दिल्ली, यूपी सहित अन्य राज्यों के बदमाशों के ठिकानों में शरण लेते हैं। मोनू ने बताया कि उसका संपर्क यूपी के विधायक मुख्तार अंसारी से है। मुख्तार अंसारी के इशारे पर भाई सोनू कुमार ने कई वारदातों को अंजाम दिया है। अभी भी वह उन्हीं के सरंक्षण में है।
ऑटो पार्टस की दुकान में की थी डकैती
गिरोह ने गत 15 जनवरी की रात करीब आठ बजे गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के बेउर मोड़ के आगे विपुल ऑटो पार्टस की दुकान में डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इनकी निशानदेही पर लूट का लैपटॉप, मोटरसाइकिल और दुकान की चाबी बरामद हुई।
मोनू और नीलेश को रिमांड पर लिया जाएगा। दोनों का कनेक्शन यूपी सहित अन्य राज्यों के बदमाशों से है। पूछताछ में मोनू ने बताया कि उसका कनेक्शन यूपी के विधायक मुख्तार अंसारी से है।
-मनु महाराज, एसएसपी
