भाई को लड़वाना था पंचायत का चुनाव तो दोस्तों संग मिलकर लूट लिया बैंक

नवादा। बिहार में होने वाले पंचायत चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने और धन संग्रह के लिए लोग अपराध करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। नवादा में इसी ख्वाहिश में कि उसका भाई पंचायत चुनाव जीते एक बंदे ने दोस्तों के साथ मिलकर 8 मार्च को बैंक ही लूट लिया। जिले के नारदीगंज के बस्ती बीघा में दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक में लूट के 8 अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि कुल 6 लोग बैंक में लूट के लिए गए थे और 2 लोग बाहर से नजर बनाए हुए थे। सभी हथियार से लैस थे। बैंक लूट के बाद सभी ने पैसे आपस में बांट लिए। किसी ने उस पैसे से अपनी बेटी की शादी में मदद की तो एक अपराधी ने अपने भाई को पंचायत चुनाव में लड़ाने के लिए सभी पैसे दे दिए। कुछ अपराधियों ने अपने शौक को पूरा करने के लिए बाजार में खरीदारी की। गया से एक अपराधी को बाइक खरीदते हुए पुलिस ने धर दबोचा। 8 लोगों को नवादा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नवादा के इस बैंक से लगभग 14 लाख रुपए की लूट हुई थी जिसके बाद जब नवादा एसपी द्वारा गठित एसआईटी में टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया। नवादा एसपी डीएस सांवलाराम ने नवादा एसडीपीओ, पकरीबरवां एसडीपीओ के साथ-साथ कई थानों की पुलिस को इस एसआईटी में शामिल किया था। नवादा डीआईयू की टीम इस केस में वैज्ञानिक अनुसंधान को लीड कर रही थी तो वहीं अन्य थानों की पुलिस शक के आधार पर छापेमारी कर रही थी और लूट के महज कुछ दिन बाद ही लूटेरों का पता चल गया। पुलिस ने नवादा जिले के साथ-साथ गया जिले में भी छापेमारी कर सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
