भाखड़ा नहर में गिरी कार, किसी तरह एक ने बचाई जान, तीन युवक बहे, गोताखोर कर रहे तलाश

गंगूवाल पावर हाउस के नजदीक भाखड़ा नहर में ब्रिजा कार समेत चार युवक गिर गए। एक तो किसी तरह जान बचाकर नहर से बाहर निकल आया।
तीन युवकों का कोई पता नहीं चला। उप पुलिस कप्तान चंद सिंह ने बताया कि नहर में गिरी कार को अनूप सिंह निवासी गांव सवाड़ा तहसील श्री आनंदपुर साहिब जिला रोपड़ चला रहा था।

गुरमीत सिंह व परमिंदर पाल सिंह बंटी निवासी बरारी बीकापुर तहसील श्री आनंदपुर साहिब और गुरप्रीत सिंह निवासी चवाड़ा जिला ऊना, हिमाचल प्रदेश भी साथ थे।

उन्होंने बताया कि परमिंदर पाल सिंह बंटी किसी तरह नहर से बाहर निकल आया। लापता गुरमीत सिंह, परमिंदर पाल सिंह बंटी का भतीजा है, जबकि अनूप सिंह भतीज जमाई और गुरप्रीत सिंह सगा भांजा है। गुरप्रीत फौज में नौकरी करता है।
जान बचाकर निकले परमिंदर पाल सिंह बंटी ने बताया कि वह गुरुद्वारा सुहेला घोड़ा की तरफ घूमने गए थे और वापसी पर भाखड़ा नहर के मोड़ पर कार बेकाबू होकर नहर में गिर गई। गुरमीत, गुरप्रीत और अनूप का कोई पता न लगा। 

उप पुलिस कप्तान चंद सिंह ने बताया कि वह घटना से कुछ ही मिनट बाद मौके पर पहुंच गए थे। उनके सामने ही परमिंदर पाल सिंह बंटी नहर के बाहर निकल रहा था। अनूप सिंह के भाई पवन कुमार कहना है कि अनूप का पांच माह पहले ही विवाह हुआ था। नहर में गिरी कार और नौजवानों को पुलिस के गोताखोर तलाश रहे हैं।

विधानसभा स्पीकर राणा केपी सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और नौजवानों के परिवारों के साथ हमदर्दी जताई। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को हिदायत दी कि कार को नहर से निकालने और लापता नौजवानों की खोज के काम में तेजी लाई जाए।

Leave a Reply