भाजपा की नई लिस्ट में बड़े फेरबदल पूर्व मंत्री स्वाति की जगह दयाशंकर को मौका, पूर्व IPS असीम अरुण को भी टिकट

भाजपा की दूसरे और तीसरे चरण के लिए लिस्ट तैयार है। सबसे पहले प्रत्याशियों के नाम आपके सामने लेकर आ रहा है। भाजपा हाईकमान ने पार्टी कार्यकर्ताओं और युवा चेहरों पर बड़ा दांव खेला है।
राजधानी लखनऊ की तकरीबन सभी सीटें फाइनल हो चुकी हैं। लखनऊ के तीन मंत्रियों में से दो को पार्टी दोबारा मौका दे सकती है। वहीं, लखनऊ की सरोजनी नगर की सीट पर घोषित होने वाली प्रत्याशी का नाम आपको चौंका भी सकता है। इससे पहले भाजपा 172 नामों की सूची जारी कर चुकी है।
सरोजनीनगर सीट से दयाशंकर सिंह को मिल सकता है मौका
लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा सीट पर मंत्री स्वाति सिंह और उनके पति दयाशंकर सिंह दोनों दावेदार हैं। पार्टी हाईकमान दयाशंकर सिंह पर सरोजनी नगर सीट के लिए भरोसा जता सकती है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर की पत्नी स्वाति सिंह इस सीट से विधायक हैं। योगी सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार हैं। 2017 में मायावती पर अपमानजनक टिप्पणी करने की वजह से दयाशंकर को पार्टी से निकाला गया था। इसके बाद उनकी पत्नी को सरोजनीनगर से उम्मीदवार बनाया गया था।
वर्दी उतार कर खादी पहन सकते है असीम अरुण
पूर्व IPS असीम अरुण चार दिन पहले ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। असीम अरुण ने 8 जनवरी को अचानक VRS के लिए आवेदन करके राजनीति में जाने का फैसला किया था। प्रदेश सरकार ने उनका VRS 15 जनवरी से स्वीकार कर लिया था। भाजपा कन्नौज सदर से उन्हें चुनाव में उतार सकती है।
यह सीट सपा का मजबूत गढ़ रही है। कन्नौज सदर सीट पर पिछले 20 वर्षों से सपा के प्रत्याशी ही जीतते आए हैं। तीन बार से अनिल दोहरे साइकिल सिंबल पर जीत रहे हैं। 2017 में मोदी मैजिक के दौरान भाजपा ने इस सीट को लेकर जबरदस्त घेराबंदी की थी, लेकिन सपा का किला ढहा नहीं पाई थी। इस बार पार्टी ने असीम अरुण पर दांव लगाया है। इसके पीछे संघ की भूमिका बताई जा रही है।
लखनऊ कैंट सीट पर युवा अभिजात को मौका
लखनऊ की सबसे हॉट विधानसभा सीट बन चुकी कैंट से पार्टी सारे विवादों को विराम देकर युवा नेता अभिजात मिश्रा को मौका दे सकती है। वह भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री रहे हैं। साथ ही ब्राह्मण युवा चेहरा हैं। हालांकि, इस सीट पर पार्टी के कई बड़े नेताओं और मंत्रियों की नजर है। चर्चा अभिजात मिश्रा को बीकेटी से खड़ा करने की भी थी। लिस्ट सामने आने के बाद पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
पार्टी मंत्रियों का टिकट नहीं काटेगी
इस बार की लिस्ट में भी तमाम मंत्रियों और विधायकों को दोबारा मौका मिल रहा है। पार्टी ने अधिकांश सीटों पर मौजूदा विधायक और मंत्रियों को टिकट दिया है। लखनऊ मध्य से बृजेश पाठक का नाम भी चर्चाओं में था। पार्टी ने इस बार भी बृजेश पाठक को मौका दिया है। साथ ही पूर्वी लखनऊ सीट से मंत्री गोपाल टंडन को मौका दे रही है। कानपुर के महाराजपुर सीट से मंत्री सतीश महाना और पूर्व मंत्री अर्चना पांडेय को मौका दिया है।
| सीट | प्रत्याशी |
| कन्नौज | असीम अरुण |
| लखनऊ सरोजनीनगर | दयाशंकर सिंह |
| लखनऊ पूर्वी | गोपाल टंडन |
| लखनऊ मध्य | बृजेश पाठक |
| महाराजपुर कानपुर | सतीश महाना |
| छिबरामऊ | अर्चना पांडेय |
| चरखारी | बृजभूषण राजपूत |
| अलीगढ़ | मुक्ता राजा |
| झांसी सदर | रवि शर्मा |
| राठ, हमीरपुर (महिला विधायक) | मनीषा अनुरागी |
| अकबरपुर रनिया | प्रतिभा शुक्ला |
| मउरानीपुर | प्रागीलाल अहरिवार |
| गरौठा | जवाहरलाल राजपूत |
| सिरसागंज | हरीओम यादव |
| कासगंज | देवेंद्र सिंह लोधी |
| हाथरस | अंजुला माहौर |
| मैनपुरी | ठाकुर जयवीर सिंह |
| अलीगंज | सत्यपाल सिंह राठौर |
| करहल | संजीव यादव |
| जलेसर | संजीव कुमार |
| एटा | विपिन वर्मा |
| मैनपुरी किसनी | प्रियरंजन दिवाकर |
| महोबा | राकेश गोस्वामी |
| घाटमपुर | उपेंद्र पासवान |
| भोजपुर | नागेंद्र सिंह |
| हमीरपुर | बाबू राम निषाद |
| अमृतपुर | सुशील शाक्य |
| इटावा सदर | सरिता भदौरिया |
| बबीना | राजीव परीक्षा |
| फिरोजाबाद | मनीष असीजा |
| आर्यनगर | सुरेश अवस्थी |
| कल्याणपुर | निलिमा कटियार |
| बिठूर | अभिजीत सांगा |
| छावनी | रघुनंदन सिंह भदौरिया |
| महाराजपुर | सतीश महाना |
| कालपी | संतराम सेंगर |
| सीसामऊ | सलिल विश्नोई |
| छिबरामऊ | अर्चना पांडेय |
| फर्रूखाबाद | मेजर सुनील दत्त |
| बिल्हौर | राहुल बच्चा सोनकर |
| भोजपुर | नागेंद्र सिंह राठौर |
| तिर्वा | कैलाश राजपूत |
| दिबियापुर | लाखन सिंह राजपूत |
| भोगांव | राम नरेश |
| भरथना | डॉ. सिद्धार्थ शंकर |
| रसूलाबाद | पूनम शंखवार |
| इटावा सदर | सरिता भदौरिया |
