भाजपा द्वारा राजकोट, जामनगर और भावनगर के उम्मीदवारों का ऐलान

अहमदाबाद | गुजरात के छह महानगरों में 21 फरवरी होने के लिए चुनाव के लिए भाजपा ने आज राजकोट, जामनगर और भावनगर में अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया| सबसे पहले भाजपा ने राजकोट नगर निगम के 18 वार्ड के 72 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की| नगर निगम चुनाव में भाजपा ने युवा और महिलाओं को अधिक मौका दिया है| जिसमें पूर्व विधायक भानुबेन बाबरिया को टिकट दिया है, लेकिन पूर्व महापौर बीनाबेन आचार्य का पत्ता कट गया| भाजपा ने 22 नगर पार्षदों को रिपीट किया है और 50 जितने नए चेहरों को अवसर दिया है| राजकोट के कई वार्ड के मौजूदा पार्षदों के टिकट काट नए चेहरों को मौका मिला है| शहर के 5, 7 और 8 नंबर वार्ड के चारों मौजूदा पार्षदों का पत्ता कट गया है| भाजपा ने प्रत्येक वार्ड में दो महिला और दो पुरुष को टिकट दिया है| उम्मीदवारों के ऐलान के साथ राजकोट में नाराजगी का दौर शुरू हो गया है| शहर के वार्ड 14 के प्रमुख अनिल जोशी ने टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर पार्टी से इस्तीफा देने की धमकी दी है| अनिल जोशी ही नहीं शहर भाजपा के कई कार्यकर्ताओं में नाराजगी है| जामनगर नगर निगम के 16 वार्ड के 64 उम्मीदवारों का ऐलान भाजपा ने आज कर दिया| जामनगर में कई मौजूदा नगर पार्षदों को टिकट नहीं मिला| जामनगर में भी प्रत्येक वार्ड मंस दो महिला और दो पुरुष को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है| भाजपा के 64 उम्मीदवारों में 32 महिलाएं और 32 पुरुष उम्मीदवार हैं| जामनगर के कई वार्ड में अल्पसंख्यक समुदाय के प्रभुत्व को देखते हुए भाजपा ने 3 मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है| इन वार्ड पर कांग्रेस का कब्जा है और अबकी बार कांग्रेस को पटकनी के देने के लिए भाजपा ने अल्पसंख्यक समुदाय के तीन लोगों को टिकट दिया है| राजकोट और जामनगर के बाद भावनगर नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों का आज ऐलान कर दिया| भावनगर में भी भाजपा ने कई नए चेहरों को मैदान में उतारा है| भावनगर के 12 वर्तमान नगर पार्षदों का पत्ता कट गया है| भावनगर के सभी 13 वार्ड के 52 उम्मीदवारों में 26 महिला और 26 पुरुष हैं|

Leave a Reply