भाजपा सरकार दलित समाज पर अत्याचार रोकने में निष्फल : कांग्रेस

अहमदाबाद | गुजरात कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राज्य में दलितों पर जारी अत्याचार रोकने में निष्फल साबित हुई है| सबका साथ-सबका विकास का दावा करने वाली भाजपा के शासन में दलित उन पर हो रहे अत्याचार से दुखी और आक्रोशित हैं| लेकिन राजनीतिक रोटियां सेंकने में व्यस्त भाजपा सरकार को अत्याचार से पीड़ितों की कोई फिक्र नहीं है|
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि राज्य और राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक समाज का योगदान होता है और सभी की अहमियत एकसमान है| लेकिन अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विकास के दावे करने वाली भाजपा सरकार आज दलित समाज के साथ हो रहे अन्याय रोकने में नाकाम साबित हुई है| उन्होंने कहा कि गुजरात की भाजपा सरकार के निष्फल और ढुलमूल नीतियों की शिकायत राज्यपाल से शिकायत करेंगे| पिछले तीन-चार दिनों में दलित समाज के शुभ प्रसंगों में जो घटनाएं हुई हैं, वह दुर्भाग्यपूर्ण हैं और कांग्रेस की इसकी कड़ी निंदा करती है| प्रत्येक समाज को अपने रीति-रिवाजों के मुताबिक सामाजिक प्रसंग मनाने का पूर्ण और संवैधानिक अधिकार है| लेकिन पिछले तीन-चार दिनों में जातिवाद का जहर घोलने का प्रयास किया गया है| जातिवाद का जहर घोलने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त से सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए| अमित चावड़ा ने आरोप लगाया कि ऊना कांड से लेकर आज तक हुई किसी भी घटना में कड़ी कार्यवाही भाजपा सरकार ने नहीं की|
