भारत का फैसला, चीन यात्रा पर गए विदेशी नागरिकों के मौजूदा वीजा रद्द 

बीजिंग । चीन में कोरोना वायरस से मृतकों की संख्या 425 पहुंच गई है। इसके बाद भारत ने चीनी नागरिकों और पिछले दो हफ्तों में चीन यात्रा पर गए विदेशी नागरिकों के मौजूदा वीजा को रद्द कर वीजा नियमों को मंगलवार को और सख्त कर दिया। कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर दो फरवरी को, भारत ने चीनी यात्रियों और चीन में रह रहे विदेशी नागरिकों के लिए ई-वीजा सुविधा पर अस्थायी रोक लगा दी थी। चीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि सोमवार को वायरस के कारण 64 मौतों के साथ चीन में मृतकों की संख्या 425 पर पहुंच गई। वहीं चपेट में आने वाले लोगों की संख्या 20,438 हो गई। यहां भारतीय दूतावास की घोषणा में कहा गया है, वे सभी जो पहले से भारत में हैं (नियमित या ई-वीजा पर) और जो 15 जनवरी के बाद चीन से गए हैं, उनसे भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के हॉटलाइन नंबर (+91-11-23978046) पर संपर्क करने का अनुरोध किया जाता है। वीजा की वैधता के बारे में दूतावास ने कहा,भारतीय दूतावास और हमारे वाणिज्य दूतावासों को चीनी नागरिकों के साथ ही चीन में रहने वाले या पिछले दो हफ्तों में चीन आने वाले विदेशी नागरिकों से बहुत सारे प्रश्न मिल रहे हैं कि वे भारत जाने के लिए अपने वैध एकल/बहुल प्रवेश वीजा का प्रयोग कर सकते हैं या नहीं।दूतावास ने कहा, “यह स्पष्ट किया गया है कि मौजूदा वीजा अब वैध नहीं हैं। भारत जाने के इच्छुक लोगों को भारतीय वीजा के लिए नए सिरे से आवेदन करने के लिए बीजिंग में भारतीय दूतावास या शंघाई मेंऔर गुआंगझोउ  में वाणिज्य दूतावासों से संपर्क करना होगा। 

Leave a Reply