भारत की निगाह बड़ी जीत पर, अफगान से मुकाबला आज

लीड्स । अफगानिस्तान की टीम लगातार पांच हार के साथ विश्व कप में सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी हैं। ऐसे में खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम के खिलाफ शनिवार को उसके लिए एक और बड़ा इम्तिहान सामने होगा। भारतीय टीम अपना नेट रन रेट बेहतर करने के लिए बड़ी जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। मैच एकतरफा होने की संभावना लग रही है जिसमें भारतीय बल्लेबाज मौका मिलने पर कुछ नए रिकॉर्ड स्थापित कर सकते हैं। इस मैच में बड़ी जीत से भारत की सेमीफाइनल की राह अधिक आसान हो जाएगी। अफगानिस्तान का विवादास्पद अभियान मैदान के अंदर और बाहर के गलत फैसलों के कारण बेहद खराब रहा है। अब उनका सामना स्टार क्रिकेटरों से सजी टीम से है जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत ऐसी टीम रही जिसे शुरू में ही कड़े मुकाबलों का सामना करना पड़ा तथा दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान पर जीत के बाद अब विराट कोहली की टीम अजेय नजर आ रही है। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और ऑलराउंडर विजय शंकर के चोटिल होने केबावजूद भारत ने दबदबा बनाए रखा।
