भारत में कोरोनावायरस: इटली से बिना जांच दिल्ली पहुंचा एयर इंडिया का विमान, अब तक 60 संक्रमित
भारत में कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 60 हो गई है। इसी बीच एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। इटली के मिलान से बुधवार को भारत आए एयर इंडिया के एक विमान को वहां से यात्रियों की स्क्रीनिंग किए बिना भेज दिया गया। हालांकि, दिल्ली हवाई अड्डे पर यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई।
बिना स्क्रीनिंग के इटली से भारत पहुंचा एयर इंडिया का विमानइटली के शहर मिलान से बुधवार को एयर इंडिया का एक विमान बिना कोरोनोवायरस जांच के भारत पहुंचा। एयर इंडिया का एआई-138 विमान मिलान से दिल्ली तक बिना कोविड-19 स्क्रीनिंग के आया। फ्लाइट में 80 यात्री सवार थे। हालांकि, भारतीय सीमा शुल्क के अधिकारियों ने दिल्ली हवाई अड्डे पर यात्रियों और उनके सामान की स्क्रीनिंग की और सभी औपचारिकताएं पूरी कीं।
इंदौर में जल्द शुरू हो सकती है स्क्रीनिंग की सुविधा
स्वास्थ्य विभाग इंदौर में सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय की प्रयोगशाला में कोरोनावायरस संक्रमण की जांच की सुविधा जल्द शुरू करने के प्रयास कर रहा है। विभाग के एक आला अधिकारी ने बुधवार को बताया कि शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय की वायरोलॉजी लैबोरेटरी में कोरोनावायरस संक्रमण की जांच की मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय से चर्चा की जा रही है। अधिकारी ने बताया, इंदौर में कोरोनावायरस संक्रमण की जांच की सुविधा शुरू होने पर हमें उसी दिन जांच रिपोर्ट मिल सकेगी जिस दिन नमूने प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।
केरल सरकार ने इटली से लौटे 45 लोगों को निगरानी में रखा
केरल सरकार ने कोरोनावायरस को नियंत्रित करने के कदमों को कड़ा करते हुए इटली से कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे कम से कम 45 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भेज दिया है। सरकारी सूत्रों ने बुधवार को बताया कि दो बच्चों और दो गर्भवती महिलाओं समेत 35 लोगों को अलुवा के एक सरकारी जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि बुखार और सांस लेने में परेशानी का सामना करने वाले 10 लोगों को कलामस्सारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल किया गया है।
भारत में संक्रमितों की संख्या 60
भारत में कोरोनावायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 60 हो गई है। भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कोविड-19 के 10 नए मामलों की पुष्टि की। आठ मामले केरल से, एक राजस्थान और एक दिल्ली से है।
इटली की यात्रा करने वाले गोवा के शख्स को कोरोनावायरस के संदेह में अलग रखा
पिछले महीने इटली और फिनलैंड की यात्रा करने वाले तथा कोरोनावायरस के एक मरीज के संपर्क में आए गोवा के 27 वर्षीय शख्स को यहां सरकारी अस्पताल के अलगाव वार्ड में रखा गया है। उसने खांसी और बुखार की शिकायत की थी। गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बुधवार को बताया कि दक्षिण गोवा के वास्को शहर का रहने वाला व्यक्ति एक जहाज पर काम कर रहा था और दो दिन पहले तटीय राज्य लौटा था। वह जहाज पर काम करते समय फरवरी के मध्य में कोरोनावायरस के एक मरीज के संपर्क में आया था।
कर्नाटक सरकार ने लोगों को दी ‘नमस्ते’ करने की सलाह
कर्नाटक सरकार ने कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए बुधवार को ‘हाथ मिलाने की बजाय नमस्ते करें’ नाम से एक अभियान शुरू किया। यह अभियान लोगों को पारंपरिक भारतीय शैली में एक-दूसरे का अभिवादन करने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अभियान के तहत कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए नियमित तौर पर हाथ धोने जैसी साफ-सफाई की आदतें अपनाकर संक्रमण से खुद को बचाने की सलाह दी जाएगी।
