भारी बारिश के बाद नाले में फंसी बस, 35 यात्रियों को बचाया

चित्तौड़गढ़ । देशभर में मानसून से पूर्व प्री-मानसून की सक्रियता दिख रही है। इसी कड़ी में मानसून से पहले राजस्थान में मंगलवार रात कुछ जगहों पर जोरदार बारिश हुई। इसी कड़ी में चित्तौड़गढ़ में हुई अचानक हुई इस तेज बारिश से मौसमी नाले और छोटी नदियां उफन कर बहने लगीं। प्री-मानसून की इस भारी बारीश से देखते ही देखते हालात बिगड़ना शुरु हो गया है। एनिकट उफान पर आ गए और सड़कें पानी से लबालब हो गई। वहीं बुधवार को एक यात्री बस नाले में फंस गई। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम की मदद से 35 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
क्षेत्र के एडीएम मुकेश कुमार कलाल ने बताया, 'हमारी सिविल डिफेंस की टीम ने अच्छा काम किया। बस में सवार सभी 35 लोगों को निकाल लिया गया है। बताया जाता है कि मंगलवार को हुई इस बारिश में यह बस यहां देर रात फंस गई थी।चूंकि इस बस के यात्री स्थानीय नहीं थे,इसकारण मदद के लिए किसी को बुला नहीं सके। तड़के जब आस-पास रहने वाले लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने यात्रियों को पानी में फंसी बस से बाहर निकलने में मदद की। यात्रियों का कहना है कि बस चालक अनुमान नहीं लगा सका कि सड़क पर कितना पानी भरा है। पानी के बीच में जाकर बस बंद हो गई। चूंकि चारों ओर पानी भरा था इसलिए किसी की भी रात के अंधेरे में बाहर निकलने की हिम्मत नहीं हुई।
