भू-माफिया ने नौसेना के जवान की जमीन पर किया कब्जा, न्याय के लिए परिवार समेत धरने पर बैठे

कासगंज. उत्तर प्रदेश में एक तरफ सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) भू-माफियाओं (Land Mafia) पर लगातार कार्रवाई करने की बात कर रहे हैं. वहीं, जनपद एटा में दबंगों का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला एटा के थाना शकरौली में देखने को मिला है. यहां एक भारतीय नौसेना (Indian Navy) के सैनिक की जमीन पर गांव के ही दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया है. कई बार जिला प्रशासन से शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई. पीड़ित जवान अब मजबूर होकर कलेक्ट्रेट पर धरने पर बैठ गया है. वहीं, एटा के जिलाधिकारी ने मामले में एक जांच टीम गठित कर जल्द निस्तारण कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है.
कलेक्ट्रेट धरनास्थल पर परिवार सहित धरने पर बैठा व्यक्ति भारतीय नोसेना का जवान पुरषोत्तम गांधी है. वह मुम्बई में नौसेना में सैनिक के पद पर तैनात हैं. उनकी जमीन पर गांव के ही दबंगों ने अवैध कब्जा कर कर लिया है. जवान का कहना है कि वह कोरोना काल, लॉकडाउन के चलते अपने गांव नहीं आ पाया, इसी का फायदा उठाते हुए दबंगों ने उनकी 3 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया. पीड़ित सैनिक जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों से कई बार न्याय की गुहार लगा चुका है, लेकिन भू-माफियाओं पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. तंग आकर वह धरने पर बैठ गए.
पीड़ित सैनिक और उनकी पत्नी ने न्यूज़ 18 से बात की तो नम आंखों से अपनी पीड़ा बताते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. इस मामले में जिलाधिकारी सुखलाल भारती ने बताया कि जलेसर सीओ और एसडीएम के नेतृत्त्व में राजस्व टीम बनाकर जांच के आदेश दिए गए हैं. सैनिक मामले का जल्द निस्तारण कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
