भोपाल में 27 और इंदौर में 7 नए कोरोना पॉजिटिव
भोपाल । प्रदेश की राजधानी भोपाल में 27 और इंदौर में 7 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज रविवार को पाए गए हैं। प्रदेश में अब तक 1390 से अधिक कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीज मिले हैं, जिसमें से 71 की मौत हो चुकी है और 171 स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। प्रदेश के इंदौर, भोपाल, उज्जैन को छोड़कर बाकी जिलों में उद्योग और दफ्तर खुलना शुरू होंगे। केंद्र सरकार की गाइडलाइन के हिसाब में इन जिलों में आर्थिक गतिविधियां शुरू होंगी। इंदौर में रविवार को सात नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, वहीं एक टीआई समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जिससे यहां मौत का आंकड़ा बढ़कर 52 पहुंच गया है। भोपाल में रविवार को 27 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। धार जिले के गांधीनगर, खदान खुर्द और गांव तिरला के 14 मरीजों की रिपोर्ट रविवार देर रात कोरोना पॉजिटिव आई है। पूर्व के मरीजों के संपर्क में आने से ये संक्रमित हुए हैं। इन्हें मिलाकर संक्रमित मरीजों की संख्या 34 हो गई है। सीएमएचओ डॉ. एसके सरल ने बताया कि जांच के लिए भेजे गए 509 सैंपल में से 340 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। मध्य प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटा गया है। पहला-जहां संक्रमण नहीं है या मुक्त हो चुके हैं। यहां लॉकडाउन के नियम का पालन करते हुए आर्थिक और खेती की गतिविधि शुरू की जाएगी। दूसरा- वे जिले, जिनका कोई एक शहर हॉटस्पाट है या कंटेनमेंट एरिया बनाकर रखा है। यहां से कोई भी व्यक्ति अंदर या बाहर नहीं जाएगा। सामान्य इलाकों में सभी गतिविधि शुरू करेंगे। तीसरा- भोपाल, इंदौर और उज्जैन जिले, जहां कोई छूट नहीं मिलेगी।
