भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया ग्राम गंगापुर रहटा में बने शौचालय विकास खण्ड सूरतगंज का हाल

बाराबंकी। विकास खण्ड सूरतगंज की ग्राम पंचायत गंगापुर रहटा में शौचालय के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया गया है अपूर्ण शौचालयों को पूरा दिखाकर ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी ने लाखो रुपये का बंदरबांट कर लिया है। गांव के एक समाजसेवी ने जब इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की तो जांच करने गये सहायक विकास अधिकारी ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि चुनावी रंजिश के कारण शिकायत की गयी है। जानकारी के अनुसार, विकास खण्ड सूरतगंज की ग्रांम पंचायत गंगापुर रहटा में विकास के नाम पर जमकर घपलेबाजी का खेल खेला गया है। नाली व खड़ंजा से लेकर नलो के रिबोर के नाम पर मनमानी की गयी है। साथ ही में केन्द्र सरकार द्वारा संचालित स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनवाये जा रहे शौचालयों में भी जमकर कमीशनखोरी की गयी है। गांव के ही समाजसेवी अनिल सिंह बौझड़ ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शौचालय निर्माण के नाम पर भ्रष्टाचार की शिकायत की तो उक्त शिकायत की जांच सूरतगंज ब्लाक में तैनात सहायक विकास अधिकारी को मिली थी। सहायक विकास अधिकारी ने गांव में न जाकर कार्यालय में बैठे ही बैठे यह रिपोर्ट लगा दी कि शिकायतकर्ता की प्रधान से चुनावी रंजिश हैं उसकी शिकायते सारी निराधार हैं। जब शिकायतकर्ता को उक्त रिपोर्ट की जानकारी हुई तो उसने पुनः मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की। शिकायतकर्ता का आरोप था कि जब मुख्यमंत्री को विकास खण्ड सूरतगंज के अधिकारी और कर्मचारी गुमराह कर सकते हैं तो आम शिकायतकर्ताओं का क्या हाल होगा। कुल मिलाकर भ्रष्टाचार की जांच अगर जिला स्तरीय अधिकारियों से करवायी जाये तो सारी हकीकत सामने आ जायेगी और दूध का दूध और पानी का पानी अलग हो जायेगा। इस सम्बन्ध में खण्ड विकास अधिकारी सूरतगंज का कहना था कि अगर शौचालय निर्माण के नाम पर ग्राम पंचायत रहटा में घोटाला हुआ है तो जांच करवायी जायेगी।

Leave a Reply