भ्रामक बातों में न आएं, मैंने आयकर के रूप में एक साल में 3.8 करोड़ डालर का भुगतान किया : ट्रंप
वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने आयकर में रूप में लाखों डॉलर का भुगतान किया है और हाल में आई उस मीडिया रिपोर्ट को गलत बताया, जिसमें कहा गया था कि जिस साल वह राष्ट्रपति बने, उस साल उन्होंने आयकर के रूप में सिर्फ 750 अमेरिकी डॉलर का भुगतान किया। अमेरिका में ओहियो के क्लीवलैंड में राष्ट्रपति पद की पहली बहस के दौरान संचालक क्रिस वैलेस ने ट्रंप से उस रिपोर्ट के बारे में पूछा, जिसमें कहा गया था कि रिपब्लिक पार्टी के नेता ने 2016 और 2017 में संघीय आयकर के रूप में सिर्फ 750 डॉलर दिए और उन्होंने इससे पहले कई वर्षों तक टैक्स दिया ही नहीं।
ट्रंप के प्रतिस्पर्धी जो बाइडेन बहस के दौरान कहा इस आदमी ने करों के रूप में कुल 750 अमरीकी डालर का भुगतान किया। इस पर ट्रंप ने कहा यह गलत है। ट्रंप ने कहा मैंने लाखों डॉलर का भुगतान किया। लाखों डॉलर का आयकर। उन्होंने उस मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया, जिसमें दावा किया गया था कि उन्होंने केवल 750 डालर का भुगतान किया है। इस पर जो बाइडेन ने राष्ट्रपति ट्रंप से आयकर भुगतान किए जाने के कागजात दिखाने की चुनौती दी। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा मैंने एक वर्ष में 3.8 करोड़ अमरीकी डालर का भुगतान किया। मैंने एक वर्ष में 2.7 करोड़ अमरीकी डालर का भुगतान किया। आप जल्द ही इसे देखेंगे।
