मतदान से पहले इनेलो को बड़ा झटका, प्रत्याशी ने छोड़ा मैदान, मंच पर पहुंच थामा भाजपा का दामन

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को नांगल चौधरी और नारनौल में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सरकार के विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि जब से हरियाणा बना है, कई पार्टियों की सरकारें प्रदेश में रही हैं। कभी इनेलो, कभी कांग्रेस तो कभी गठबंधन की सरकारें रहीं। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है विकास कार्यों में तेजी आई है।
जितने विकास कार्य पिछले 70 सालों से नहीं हुए उतने विकास कार्य इन पांच सालों में भाजपा सरकार ने करवाए हैं। प्रदेश की अन्य राजनीतिक पार्टियां पहले खुद का हित, बाद में प्रदेश के लोगों को हित देखती थी। इसके उलट भाजपा सरकार हमेशा देश व प्रदेश के बारे में सोचती है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पहले नांगल चौधरी की अनाज मंडी में पार्टी प्रत्याशी डॉ. अभय सिंह यादव और इसके बाद चितवन वाटिका में नारनौल प्रत्याशी ओमप्रकाश यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस व इनेलो की सरकार में आए दिन घोटाले उजागर होते रहे। नौकरियां नेताओं के घरों में बिकती थी। लेकिन जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से हमने प्रदेश में बिना पर्ची व बिना खर्ची के युवाओं को नौकरी दी है। प्रदेश में पिछली सरकारों के फैलाए भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम भाजपा सरकार ने किया है।
उन्होंने कहा कि आज पढ़े लिखे युवाओं की भीड़ नेताओं के घर और ऑफिस के बजाय कोचिंग सेंटरों पर ज्यादा मिलती है। क्योंकि भाजपा सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर प्रदेश में नौकरी देने का काम किया है। सीएम ने कि पिछली सरकारों में किसानों की आय की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया। पिछली सरकारों ने प्रदेश में गुंडाराज व भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बातों ही बातों में दुष्यंत चौटाला के बारे में कहा कि उनकी पार्टी झूठा घोषणा पत्र बनाकर लोगों को गुमराह कर रही है। इनके घोषणा पत्र में इतना फ्री सुविधाएं देने का वादा है कि जितना हरियाणा का बजट भी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर अबकी बार मिशन 75 प्लस पार हो गया तो हरियाणा में विकास की एक नई इबारत लिखेंगे। इस अवसर पर सांसद धर्मवीर, अलवर से सांसद बालकनाथ व सीकर से सांसद पूर्व विधायक रामहेत आदि उपस्थित थे।

इनेलो प्रत्याशी राजेश कुमार भाजपा में शामिल  
इनेलो के नारनौल विधानसभा से प्रत्याशी राजेश कुमार ने अपनी पार्टी को छोड़कर सोमवार को भाजपा का हाथ थाम लिया। उन्होंने कार्यक्रम के मंच पर मुख्यमंत्री के आने से पहले भाजपा की सदस्या ग्रहण कर ली। बीच चुनाव प्रत्याशी के पार्टी छोड़कर जाने को इनेलो के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

ये भी हुए भाजपा में शामिल
चितवन वाटिका में आयोजित चुनावी जनसभा में महावीर सैनी पूर्व पार्षद, ओपी सोनी नसीबपुर, सुरेश संघी आम आदमी पार्टी, बद्री प्रसाद गर्ग व राघव नंद कांग्रेस ने भाजपा की सदस्या ग्रहण कर ली।
75 पार मंजूर, लेकिन उकलाना जरूर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा के नारे को दोहराते हुए कहा कि 75 पार मंजूर, लेकिन उकलाना जरूर। वे सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित उकलाना हलके के गांव पाबड़ा में भाजपा प्रत्याशी आशा खेदड़ के समर्थन में हलका स्तरीय जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने आशा खेदड़ को मंत्रिमंडल में शामिल करने की ओर इशारा करते हुए कहा कि अगली सरकार में उकलाना की हिस्सेदारी जरूर होगी और खुद उकलाना हलके की जनता यह महसूस करेगी कि भाजपा सरकार में उसकी खास हिस्सेदारी है। इससे पहले जनसभा में पहुंचने पर भाजपा प्रत्याशी आशा खेदड़ के नेतृत्व में पाबड़ा पंचग्रामी व हलके के प्रमुख लोगों द्वारा मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री लगभग एक घंटा उकलाना हलके में जनसभा में रुके। जनसभा में जुटी भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री ने उठकर खुद सुरक्षाकर्मियों को आदेश दिए कि वह जनता को आगे आने दें, क्योंकि भीड़ ज्यादा है। भाजपा प्रत्याशी आशा खेदड़ ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी व मुख्यमंत्री ने जो उनके ऊपर जो विश्वास किया है, उसको कायम रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा इस बार 75 से ज्यादा सीटें जीतेंगी। पिछले दो चुनावों में कहीं ना कहीं चूक होती रही है, लेकिन इस बार उकलाना हलके की जनता भाजपा को भारी बहुमत से जीत दिलाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उकलाना हलके से आशा खेदड़ जैसा एक ऐसा प्रत्याशी दिया है, जो उकलाना हलके की पढ़ी-लिखी बहू हैं। आशा ने संगठन में पूरी ताकत से काम किया है और अब वह उकलाना हलके का प्रतिनिधित्व करते हुए हलके की सेवा करेंगी।

15 तो भाजपा पूरी कर चुकी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जो घोषणा पत्र जारी किया है, उसमें से 15 घोषणाएं भाजपा पहले ही पूरी कर चुकी है और कुछ ऐसी घोषणाएं हैं, जो पूरी ही नहीं हो सकती। कांग्रेसी बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। इस पर यही कहावत सटीक बैठती कि न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेगी।

'कांग्रेस का घोषणा पत्र पूरा न होने वाला झूठ का पुलिंदा'
उधर, जुलाना में सीएम ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है। कांग्रेस को तीन माह के बाद भी गांधी परिवार के अलावा कोई राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार पारदर्शी सरकार है। इस सरकार में ऐसे काम हुए हैं, जो पिछले 48 वर्षों में प्रदेश में नहीं हुए। भ्रष्टाचार खत्म कर बिना पर्ची-खर्ची के सरकारी नौकरी दी गई। ।

उन्होंने कहा कि पांच साल जनता की सेवा की और 48 साल जो सरकार रही, उसकी तुलना करें तो पारदर्शी शासन दिया है। कांग्रेस का घोषण पत्र झूठ का पुलिंदा है, जो कभी पूरा नहीं हो सकता। हमने अपने घोषणा पत्र में वही दिया है, जो पूरा हो सकता है और हर हाथ को काम दिया जाएगा। किसान की आय को बढ़ाया, खराब हुई फसलों का मुआवजा पूरा दिया। जनता को पढ़ी-लिखी पंचायत दी जो पूरी पारदर्शिता के साथ गांव का विकास करवा रही हैं।

अंगूठे लगाने वाले पंच व सरपंच अब नहीं रहे। भाजपा एमएसपी पर फसल खरीदेगी। अन्य पार्टियां नौकरियों को रेवड़ियों की तरह बेचते थे और पर्ची-खर्ची चलती थी। भाजपा सरकार ने पर्ची-खर्ची को समाप्त कर ईमानदारी से नौकरी दी। मनोहरलाल ने कहा कि जेजेपी का मतलब जमानत जब्त पार्टी है। किसान का कर्ज माफ करने की बात गलत और झूठ है, जबकि पंजाब ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया और हमने ब्याज माफ किया है।
भाजपा सरकार में किसानों को तीन लाख तक बिना ब्याज के कर्ज दिया जाएगा। शिक्षा के लिए लोन बिना गारंटी के दिया जाएगा। गरीब विद्यार्थी भी उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकेगा।

ईसा काम कर दयो, के एक बार मशीन भी घबरा ज्या : मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बालसमंद व नलवा हलका का क्षेत्र मेरा नानका है। जब वे सीसवाला जाते थे तो इसी सड़क से गुजरते थे। इस इलाके से मेरा आत्मीय संबंध है और मैं चाहता हूं कि हलका वासियों को पहली बार यहां पर कमल खिलाने का मौका मिला है और उन्हें विश्वास है कि जो प्यार हलका वासियों ने जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान उन्हें दिया था, वे उसे बरकरार रखेंगे और पूर्व विधायक रणबीर सिंह गंगवा को भारी बहुमत के साथ विधानसभा भेजने का काम करेंगे।

आर्यनगर के पातन मोड़ पर उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने हलका वासियों से आह्वान किया कि ईसा काम कर दयो, के कमल का निशान उगलते-उगलते एक बार मशीन (ईवीएम) भी घबरा ज्या। जब सरकार बन जाती है तो सरकार किसी पार्टी विशेष की न होकर सबकी होती है, इसलिए काम करेंगे तो सबके लिए करेंगे।

मुख्यमंत्री ने रणबीर सिंह गंगवा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले विपक्ष में रहते हुए भी वे हमसे लड़ झगड़कर ग्रांट ले आते थे और अब तो वे फूल लेकर विधानसभा जाएंगे तो उनकी ताकत और भी बढ़ जाएगी। पूर्व मंत्री संपत सिंह ने कहा कि मेरे व रणबीर गंगवा जैसे साधारण परिवारों से आए लोग, अपनी मेहनत, लगन व निष्ठा से राजनीति में आगे बढ़ते हैं, लेकिन कुछ सामंतवादी परिवारों व राजनीतिक ठेकेदारों को हजम नहीं होता।

 

Leave a Reply