मप्र में अब तक 182 संक्रमित, सर्वाध‍िक 128 इन्दौर में

:: भोपाल में प्रमुख सचिव सहित तीन पॉजिटिव :: 
:: इन्दौर में 8 नए मामले सामने आए :: 

इन्दौर । मध्य प्रदेश में शन‍िवार देर शाम तक कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 182 हो गई है। इनमें सर्वाध‍िक 128 संक्रमित इन्दौर में है, जबकि भोपाल में संक्रमितों का आंकड़ा 18 तक पहुंच गया है। हालांकि प्रदेश में अध‍िकृत आंकड़े 179 के जारी किये गये है, लेकिन देर शाम भोपाल में एक प्रमुख सचिव सहित दो अध‍िकारियों व एक सब्जी व्यापारी में संक्रमण मिलने की ख़बर मिली है। इससे आंकड़ा बढ़कर 182 तक पहुंच गया है। प्रदेश में इस महामारी से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। शन‍िवार को इन्दौर में दो मरीजों ने दम तोड़ा, जिससे यहां मरने वालों की संख्या 7 तक पहुंच गई है। उधर, छ‍िंदवाड़ा में उपचाररत इन्दौर के एक व्यक्ती की मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक इन्दौर में 128 संक्रमित मरीजों में से 120 की हालत स्थ‍िर बनी हुई है, एक मरीज स्थ‍ित‍ि गंभीर बनी हुई है। जबकि भोपाल में 18, मुरैना में 12, जबलपुर में 8, उज्जैन में 7, खरगौन में 3, ग्वालियर, श‍िवपुरी व छ‍िंदवाड़ा में भी 2-2 व्यक्त‍ि कोरोना की चपेट में आ गए है। 

:: मप्र में मौत का आंकड़ा 11 तक पहुंचा, सर्वाध‍िक 7 मौत इन्दौर में :: 
24 मार्च – उज्जैन की रहने वाली 65 वर्षीय महिला की मौत।
25 मार्च – इन्दौर के रानीपुरा निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा।
27 मार्च – उज्जैन में 34 साल के बैटरी व्यवसायी की मौत। इनकी रिपोर्ट मौत के दो दिन बाद पॉजिटिव आई।
29 मार्च – खरगोन के 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, इनकी रिपोर्ट मौत के दो दिन बाद आई। 
30 मार्च – इन्दौर के चंदन नगर की 49 वर्षीय जरीन बी ने दम तोड़ा।
30 मार्च – इन्दौर एमआर-9 की राजकुमार कॉलोनी के 41 वर्षीय युवक की मौत।
02 अप्रैल – इन्दौर मोती तबेला निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति की एमवाय अस्पताल में मौत हुई 
02 अप्रैल – इन्दौर खजराना क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय महिला ने दम तोड़ा।
04 अप्रैल – इन्दौर एमवाय अस्पताल में भर्ती 80 साल की महिला की जान गई।
04 अप्रैल – इन्दौर एमवाय अस्पताल में भर्ती 42 साल का पुरुष ने दम तोड़ा।
04 अप्रैल – छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती 33 साल के युवक की मौत।

:: इन्दौर में दो व श‍िवपुरी में एक मरीज हुआ पूरी तरह ठीक :: 
कोरोना के खौफ के बीच इन्दौर से दो व्यक्त‍ियों व शिवपुरी में एक मरीज के पूरी तरह ठीक होने की ख़बर है, उनकी दोनों रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इन्दौर की बात करें यहां अरबिंदो अस्पताल में अब 15 मरीज़ ऐसे हैं जिन्हें कोई तक़लीफ नहीं है और इनकी एक रिपोर्ट भी निगेटिव आ चुकी है, दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आते ही इनकी भी अस्पताल से छुट्टी कर दी जाएगी।

:: इन्दौर के अरविंदो अस्पताल में भर्ती है 100 मरीज :: 
अरविंदो हास्पिटल कोविद अस्पताल बनाया गया है, यहाँ सभी इंतज़ाम किए गए हैं। यहाँ बाणगंगा थाना प्रभारी 25 की संख्या में पुलिस बल सहित तैनात हैं। अरविंदो हास्पिटल से प्राप्त जानकारी अनुसार यहाँ कोराना संक्रमण के कुल 100 मरीज़ भर्ती है। इनमें से 88 की रिपोर्ट पॉज़िटिव प्राप्त हो चुकी है, शेष का विवरण प्रतिक्षारत है। कोविद अस्पताल अरबिंदो में निर्धारित क्षमता पूरी होने पर मरीज़ों को अब एमआर टीबी हास्पिटल भेजा जायेगा। 

:: संभाग के अन्य जिलों से भी चिकित्सकों को इन्दौर बुलाया :: 
संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी द्वारा संभाग के सभी ज़िलों के सीएमएचओ को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक ज़िले से तीन चिकित्सकों को इन्दौर में ड्यूटी हेतु भेजा जाए, ये सभी डॉक्टर सीएमएचओ इन्दौर को अपनी ज्वाइनिंग रिपोर्ट तत्काल देंगे।

:: क्वारंटाइन सेंटर्स में सभी इंतज़ाम माकूल :: 
इन्दौर में जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर्स में सभी माक़ूल इंतज़ाम सुनिश्चित किए गए हैं। इस संबंध में इन्दौर विकास प्राधिकरण के सीईओ विवेक श्रोत्र‍िय द्वारा लगातार काम किया जा रहा है। बक़ौल विवेक इन्दौर में कुल 29 स्थानों को क्वारंटाइन सेंटर के रूप में चिन्हित किया गया है इनकी क्षमता 1300 है। अभी सत्रह स्थानों का इस्तेमाल किया जा रहा है। यहाँ 744 कोरोना संदिग्धों को रखा गया है। विवेक श्रोत्र‍िय ने बताया है कि यहाँ चाय- नास्ता और दोनों टाइम भोजन का इंतज़ाम सुनिश्चित किया गया है। यहाँ राजस्व और इन्दौर विकास प्राधिकरण के अधिकारी कर्मचारी लगातार चौबीसों घंटे ड्यूटी दे रहे हैं। सेकंड फ़ेज़ के लिए यदि आवश्यकता पड़ती है तो 1500 क्षमता के स्थान अन्यत्र चिन्हित कर लिए गए हैं। ये विभिन्न पचास हॉस्टल और छात्रावासों में रखे गए हैं। 

:: डॉक्टर्स व मेडिकल स्टाफ के लिए आवास की व्यवस्था :: 
जो डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ़ लगातार ड्यूटी कर रहें है, और जो घर नहीं जा पा रहे हैं उनके लिए रीजेंटा होटल सहित कुछ अन्य स्थानों पर आवास की व्यवस्था की गई है। श्रीमाया होटल और कलिंगा होटल द्वारा स्वैच्छिक  रूप  से मेडिकल स्टाफ़ के लिए आवास उपलब्ध कराया गया है। सभी क्वारंटाइन सेंटर्स में फ़ॉगिंग की जा रही है और यहाँ सैनेटाइजेशन भी लगातार किया जा रहा है। क्वारंटाइन सेंटर में साँची दूध बच्चों को दिया जा रहा है और दोनों वक़्त की चाय गुरूद्वारे द्वारा सेवाभाव से दी जा रही है। वहीं क्वारंटाइन में रखे गए सभी व्यक्तियों का खाना और नाश्ता एक समूह द्वारा दिया जा रहा है। समूह ने अपना नाम प्रगट नहीं करने की इच्छा जतायी है।

:: दानदाताओं का सहयोग मिल रहा :: 
 रेडक्रास इन्दौर को दानदाताओं का सहयोग मिल रहा है। इन सभी दानदाताओं का जिला प्रशासन ने आभार जताया है। प्राप्त होने वाली सहयोग राशि का उपयोग कोरोना के उपचार में लगे डॉक्टर्स, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, पैरामेडिकल स्टाफ़, पुलिस प्रशासन एवं अन्य कर्मचारियों के पीपीई  किट एवं ऐसे ही अन्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा। सांवेर तहसील के कर्मचारियों द्वारा 55 हज़ार रूपये की राशि दान की गई है। अन्य दानदाताओं से भी आगे आकर दान करने की अपील की गई है।

:: कोरोना प्रभावित क्षेत्रों में होगी सीसीटीवी कैमरे से निगरानी :: 
 इन्दौर में जहाँ कोरोना का ज़्यादा प्रभाव है, वहाँ नगर निगम द्वारा निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि उन क्षेत्रों में कोरोना से बचाव के लिए जारी निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके। 

Leave a Reply