महाराष्ट्र में 15 दिन के लिए बढ़ेगा मिनी लॉकडाउन, स्वास्थ्य मंत्री ने किया इशारा

मुंबई । महाराष्ट्र में मिनी लॉकडाउन 15 और दिनों के लिए बढ़ना तकरीबन तय है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को हुई कैबिनेट मीटिंग में इस पर सहमति बनी है कि प्रदेश में कोरोना के हालात को देखते हुए मिनी लॉकडाउन को 15 दिन और बढ़ा दिया जाए। मंत्री ने कहा कि इस पर अंतिम फैसला मौजूदा लॉकडाउन के अंतिम दिन किया जाएगा।  उल्लेखनीय है कि  महाराष्ट्र भारत में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। यहां महामारी के बेकाबू होते मामलों को देखते हुए लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध लगाए गए थे। इसके तहत आवश्यक कामों को छोड़कर प्रदेश में हर तरह की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। हालांकि, इसके बावजूद प्रदेश में कोरोना के मामलों पर कोई लगाम नहीं लगी। रोजाना महाराष्ट्र में 50 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।
-कैबिनेट मंत्री वड़ेट्टीवार ने भी की लॉकडाउन बढ़ाने की सिफारिश
राज्य में कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर मंगलवार को कैबिनेट मंत्री विजय वडेट्टीवार ने भी लॉकडाउन बढ़ाने की सिफारिश की थी। बुधवार को उद्धव ठाकरे सरकार की कैबिनेट मीटिंग में इस बात पर सहमति बनी है कि लॉकडाउन को 15 और दिनों के लिए बढ़ा दिया जाए। हालांकि, अभी सरकार ने इसका ऐलान नहीं किया है। बताया गया कि मौजूदा लॉकडाउन के अंतिम दिन इसकी घोषणा की जाएगी। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने यह संकेत दिया है।
-सभी सदस्यों ने लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बुधवार को कहा कि राज्य में 30 अप्रैल के बाद भी 15 दिनों के लिए लॉकडाउन बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की। टोपे ने कहा कि लॉकडाउन को 15 दिनों के लिए बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए ऐसा किया जाना जरूरी हो गया है।
 

Leave a Reply