महाराष्ट्र: BJP की जनादेश यात्रा में 4 महापुरुषों के जिक्र से रिझाने की कोशिश

महाराष्ट्र में जनादेश यात्रा के दौरान चार प्रमुख महापुरुषों के जिक्र के बहाने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्य की जनता को भावनात्मक रूप से जोड़ने की कोशिश की. दिल्ली से संगठन की समीक्षा के सिलसिले में पहुंचे कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और महासचिव भूपेंद्र यादव ने जालना में जनसभा कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया.
    महाराष्ट्र के जालना में सभा करने पहुंचे जेपी नड्डा और भूपेंद्र यादवमहाराष्ट्र के महापुरुषों का जिक्र कर जनता को की जोड़ने की कोशिशमुख्यमंत्री फडणवीस की जनादेश यात्रा का 31 अगस्त को होगा समापन

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तारीख भले घोषित नहीं हुई है, मगर बीजेपी ने आचार संहिता लगने से पहले ही चुनाव प्रचार तेज कर दिया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की राज्य व्यापी जनादेश यात्रा में शामिल होने के लिए दिल्ली से पहुंचे राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी महासचिव तथा राज्य के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने महाराष्ट्र की जनता को उनके स्वाभिमान और गौरव की याद दिलाई. बुधवार की देर शाम जालना में उन्होंने रैली कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया.

इस दौरान महाराष्ट्र के चार प्रमुख महापुरुषों- शिवाजी महराज, लोकमान्य तिलक, महात्मा फुले, वीर सावरकर का जिक्र कर बीजेपी के शीर्ष नेताओं ने राज्य की जनता को भावनात्मक रूप से जोड़ने की कोशिश की. मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम में अहम भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानी जनार्दन मामा की प्रतिमा पर नड्डा और भूपेंद्र यादव ने माल्यार्पण भी किया.

जेपी नड्डा ने कहा, "महाराष्ट्र की धरती क्रांतिकारियों और महापुरुषों की धरती है. यह धरती छत्रपति शिवाजी महाराज, लोकमान्य तिलक, महात्मा फुले और वीर सावरकर जैसे सपूतों की धरती है, जिन पर महाराष्ट्र को ही नहीं पूरे भारतवर्ष को गर्व और अभिमान है." सभा से पहले और बाद में जेपी नड्डा और भूपेंद्र यादव ने संगठन की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उत्साह बढ़ाया."

कांग्रेस-एनसीपी को बताया घोटालेबाज

जेपी नड्डा ने देर शाम हुई रैली में राष्ट्रवादी कांग्रेस और कांग्रेस की गधबंधन सरकार पर करोड़ों का घोटाला कर महाराष्ट्र को डुबोने का आरोप लगाया. कहा कि दोनों दल अपने-अपने परिवारों और मालिकों को खुश करने में जुटे रहे, जिसका खामियाजा महाराष्ट्र के लाखों परिवारों को चुकाना पड़ा. जेपी नड्डा ने कहा कि महाराष्ट्र की कई पीढ़ियों ने अकाल देखा है और भुगता है.लेकिन आने वाली पीढ़ियों को अकाल से परेशान न होना पड़े, यह संकल्प पूरा करने के लिए महारष्ट्र की जनता पुनः एक बार पूर्ण विश्वास और पूर्ण बहुमत से बीजेपी सरकार को चुन कर लाएगी इसका मुझे पूर्ण विश्वास है.

सीएम देवेंद्र की तारीफ

जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तारीफ की. कहा कि पिछले पांच वर्षों में मराठवाडा का अकाल दूर करने के लिए जो प्रयास किये हैं, वो निश्चित ही सराहनीय हैं. केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर फसल बीमा, कृषि सिंचाई और उन्नत कृषि बाजारों के जरिए किसानों की बेहतर आय के इंतजाम किए हैं.

31 अगस्त को होगा यात्रा का समापन

 विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले ही राज्य भर में जनसंपर्क और रैलियों के जरिए माहौल बनाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एक अगस्त से जनादेश यात्रा निकाल रहे हैं. अमरावती से शुरू हुई यह यात्रा दो चरणों में हो रही है. पहला चरण नौ अगस्त को खत्म हो गया है. 17 अगस्त से शुरू हुई दूसरे चरण की यात्रा का समापन 31 अगस्त को होगा. महाराष्ट्र के 32 जिलों से होकर गुजरने वाली 4,384 लंबी इस यात्रा के दौरान फडणवीस 87 बड़ी और जनसभाओं को संबोधित करेंगे. नासिक में इस यात्रा के समापन समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी को बुलाने की तैयारी है.

Leave a Reply