महाराष्ट्र में ड्राइ डे की संख्या घटा सकती है सरकार

महाराष्ट्र में शराब कारोबिारियों के साथ ही शराब पीने वालों के लिए राहत वाली खबर है. महाराष्ट्र सरकार ड्राइ डे की संख्या घटाने पर विचार कर रही है. इसके लिए 30 जून 2018 को सरकार ने प्रधान सचिव की अध्यक्षता में समिति बनाई गई थी. जिसने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है. इस रिपोर्ट में 70 अलग-अलग बिंदुओं पर समिति ने अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपी हैं. समिति ने ड्राइ डे पर कई सवाल उठाए हैं.
समिति ने अपनी रिपोर्ट में ड्राइ-डे को प्रभावहीन माना है. समिति का मानना है कि ड्राइ-डे पर शराब पीने वाले अपने लिए किसी भी तरह शराब की व्यवस्था कर लेते हैं. ऐसे में अवैध रूप से शराब की बिक्री का कारोबार पनपता है. वहीं, अवैध शराब बिकने से राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान होता है. इसके साथ ही ड्राइ डे वाले दिन भी बड़े होटलों और क्लबों में शराब दी जाती है. इससे अच्छा है कि ड्राइ डे की संख्या घटा दी जाए.
इन दिनों होता है ड्राइ डे
जनवरी में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) और शहीद दिवस (30 जनवरी) को ड्राई-डे होता है. महाराष्ट्र दिवस (1 मई), महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर), दशहरा, स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), अनंत चतुर्दशी, आषाढ़ी और कार्तिक एकादशी और मतदान व मतगणना के दिन भी ड्राइ डे घोषित किया जाता है.
