मायावती ने राजनीति में लांच की परिवार की अगली पीढ़ी 

लखनऊ । बसपा प्रमुख मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को नैशनल कोऑर्डिनेटर बनाया है, तो भाई आनंद कुमार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। इस तरह मायावती परिवार की अगली पीढ़ी की बसपा में आधिकारिक एंट्री हो गई है। देश के सभी राज्यों में पार्टी को मजबूत करने के लिए आकाश आनंद को अहम जिम्मेदारी दी गई। बीएसपी कैडर में कोऑर्डिनेटर का सबसे बड़ा पद माना जाता है। ऐसे में मायावती ने इस फैसले से साफ कर दिया है कि पार्टी में उनके अपनों का दखल बढ़ने वाला है। 
सतीश चंद्र मिश्र को राज्यसभा में बीएसपी नेता सदन का पद दिया गया है। रामजी गौतम को भी नैशनल कोऑर्डिनेटर, दानिश अली लोकसभा में नेता सदन और गिरीश चंद्र को लोकसभा में मुख्य सचेतक बनाने का फैसला लिया गया है। रामजी गौतम भी मायावती के भतीजे हैं। इससे पहले बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती के नेतृत्व में रविवार को यूपी की राजधानी लखनऊ में आयोजित मैराथन मीटिंग खत्म हो गई। मीटिंग में भतीजे आकाश आनंद को नैशनल कोऑर्डिनेटर बनाने, यूपी में 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की रणनीति के साथ ही कई अहम बातों पर चर्चा की गई और फैसले लिए गए। 
मायावती  के ऐलान के बाद आकाश आनंद अब पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। कहा जा रहा है कि पुरानी पद्धति पर काम कर रही बीएसपी में आकाश के आने के बाद से कई बदलाव आए। सामान्यता मीडिया और सोशल मीडिया से दूर रहने वाली मायावती अपने भतीजे के कहने पर ट्विटर पर आईं और लोकसभा चुनाव से पहले आधिकारिक अकाउंट बनाया। इतना ही नहीं, मायावती अब लगातार ट्विटर के जरिए विपक्ष पर हमला बोलती रहती हैं। आकाश अब पार्टी को युवा दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। 

Leave a Reply