मालदीव में क्रिकेट को विकसित करेगा बीसीसीआई 

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) मालदीव में क्रिकेट को विकसित करने में सहायता करेगा। इसके लिए वहां स्टेडियम भी बनाये जाएंगे। मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह क्रिकेट प्रशंसक हैं और उन्होंने इस मामले में भारत से सहयोग मांगा था। 
अप्रैल में सोलि‍ह बेंगलुरू में इंडियन प्रीमियर लीग मैच भी देखने पहुंचे थे और फिर उन्होंने मालदीव में भी एक क्रिकेट टीम बनाने की इच्छा व्यक्त की थी तथा इसके लिये अपनी टीम की ट्रेनिंग के मद्देनजर भारत की सहायता की मांग की थी। इस मामले को लेकर भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) योजना बना रहा है। 
मालदीव के क्रिकेटरों को ट्रेनिंग देने के लिये, कोचिंग कार्यक्रम आयोजित करने के लिये और किट मुहैया कराने के लिये बीसीसीआई के एक दल ने मई के शुरू में मालदीव का दौरा भी किया था
बीसीसीआई के महाप्रबंधक सबा करीम सहित शीर्ष अधिकारियों ने मालदीव के पूरे दल को प्रस्तुतिकरण दिया था। मालदीव क्रिकेट बोर्ड 1998 में एशियाई क्रिकेट परिषद का सदस्य बना और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद से मान्यता प्राप्त है।
इससे पहले मालदीव दौरे पर गये भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्रिकेट विश्व कप में खेल रहे भारतीय खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाला बल्ला सोलिह को भेंट किया प्रधानमंत्री ने कहा, ‘क्रिकेट से जुड़ाव। मेरे मित्र राष्ट्रपति सोलिह क्रिकेट के प्रशंसक हैं, इसलिए मैं उन्हें क्रिकेट विश्व कप 2019 में खेल रही भारतीय टीम के हस्ताक्षर वाला बल्ला भेंट कर रहा हूं।’
वहीं विदेश मंत्रालय ने कहा था कि भारत मालदीव के क्रिकेट खिलाड़ियों को ट्रेनिंग में और इसे खेल के अपेक्षित स्तर तक लाने के लिये सहायता करेगा। 

Leave a Reply